Spread the love

शिमला/नई दिल्ली, करंट न्यूज़ :   हिमाचल कांग्रेस में बड़े बदलाव तय हैं। *कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाया जाएगा*। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहले ही हाईकमान को इस नाम पर सहमति दे चुके हैं। अब सिर्फ *शपथ ग्रहण की तारीख* तय होना बाकी है।

सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दिल्ली में आलाकमान से हरी झंडी मिल चुकी है। इसके साथ ही *विधानसभा उपाध्यक्ष और कांगड़ा को बड़ा पद* देने पर भी मंथन चल रहा है।

*दिल्ली में हुई अहम बैठक, संगठन पर फोकस* 

बीते दिन नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री सुक्खू, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी विदित चौधरी, चेतन चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार शामिल हुए।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय मुद्दों जैसे चढ़ावा चोरी, NEET पेपर लीक पर पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

*कमेटियों के गठन पर सख्ती* 

केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक संगठनात्मक कमेटियों की स्थिति की समीक्षा की। जहां कमेटियां नहीं बनी हैं, वहां प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

हाईकमान ने स्पष्ट कहा कि कार्यकर्ताओं को चुनावी मोर्चे के लिए तैयार किया जाए और भाजपा के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया जाए। साथ ही कांग्रेस सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने को कहा गया।

*मंत्रिमंडल विस्तार पर दिल्ली में अलग चर्चा* 

हालांकि वेणुगोपाल की बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार पर औपचारिक चर्चा नहीं हुई, लेकिन सूत्रों के अनुसार इससे पहले सुक्खू, रजनी पाटिल और विनय कुमार की अलग बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से बात हुई।

इसी बैठक में *सुंदर सिंह ठाकुर के नाम पर अंतिम सहमति* बनी। अब हाईकमान से समय लेकर शपथ समारोह की तारीख तय की जाएगी। विधानसभा उपाध्यक्ष पद और कांगड़ा क्षेत्र को प्रतिनिधित्व देने पर भी हाईकमान से चर्चा जारी है।

*खरगे से भी मिले प्रदेश के शीर्ष नेता*

बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और प्रभारी रजनी पाटिल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की।

सूत्रों के अनुसार इसमें उत्तराखंड के हलद्वानी रामलीला मैदान में ट्रस्ट शुद्धीकरण विवाद पर भी चर्चा हुई। पार्टी ने तय किया कि इस मुद्दे पर *भाजपा को मजबूती से घेरा जाएगा* और कांग्रेस का पक्ष जनता के सामने रखा जाएगा।

कुल मिलाकर हाईकमान ने हिमाचल में *संगठन और सरकार दोनों में तालमेल* के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!