Spread the love

कुल्लू, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश कर्मचारी महासंघ जिला कुल्लू के अध्यक्ष हितेंद्र साहसी ने प्रदेश सरकार से शिक्षा विभाग में कार्यरत हजारों पार्ट टाइम मल्टीटास्क वर्करों के लिए शीघ्र स्थायी नीति बनाने की मांग उठाई है।

साहसी ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विद्यालयों एवं शिक्षा संस्थानों में मल्टीटास्क वर्कर पिछले कई वर्षों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज भी उनका भविष्य अस्थिर बना हुआ है।

*पार्ट टाइम नाम, काम फुल टाइम*

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से आग्रह किया कि इन वर्करों की वास्तविक परिस्थितियों को देखते हुए एक न्यायसंगत और सम्मानजनक स्थायी नीति बनाई जाए। साहसी ने कहा कि नियुक्ति भले ही पार्ट टाइम आधार पर हुई है,

लेकिन जिम्मेदारियां किसी भी दृष्टि से पार्ट टाइम जैसी नहीं हैं। विद्यालय खुलने से लेकर बंद होने तक दैनिक व्यवस्था संभालने में इनकी सबसे बड़ी भूमिका है।

*परिवारों का भविष्य सुरक्षित हो*

साहसी ने कहा कि पिछले चार से पांच वर्षों से लगातार सेवाएं देने के बावजूद इस वर्ग को स्थायी रोजगार की सुरक्षा नहीं मिल पाई है। सरकार को इनकी कार्य अवधि, अनुभव और जिम्मेदारियों का मूल्यांकन कर समान कैडर में स्थायी नीति बनानी चाहिए।

हजारों मल्टीटास्क वर्कर लंबे समय से सरकार की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। यदि स्थायी नीति लागू होती है तो न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि वे और अधिक उत्साह से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देंगे।

सरकार इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द सकारात्मक निर्णय ले, यह हजारों मेहनतकश परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने वाला कदम होगा।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!