Spread the love

कुल्लू, करंट न्यूज़ डेस्क : हालांकि अभी लोकसभा चुनाव को काफी समय है। लेकिन भाजपा ने चारों सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी पर भी प्रत्याशियों के नाम घोषित करने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस लगातार पशोपेश में है कि लोकसभा की चारों सीटों में किस-किस को चुनाव मैदान में उतारा जाए।

सबसे ज्यादा दिक्कत कांग्रेस को मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र हमीरपुर सीट में आ रही है। जहां से निवर्तमान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर फिर से चुनाव मैदान में लाल ठोंके हैं। जबकि कांग्रेस इस लोकसभा क्षेत्र में लंबे अरसे से हारती आ रही है। वही मंडी लोकसभा सीट से निवर्तमान सांसद व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह द्वारा चुनाव लड़ने से इनकार किए जाने के बाद प्रत्याशी का चयन करना कांग्रेस को फिलहाल दुष्कर लग रहा है।

लेकिन माना जा रहा है कि मंडी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रदेश स्तरीय कर्मचारी नेता को चुनाव मैदान में उतार सकती है। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक चर्चा है कि हिमाचल प्रदेश में पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन दिलाने की लड़ाई लड़ने वाले एनपीएस कर्मचारी महासंघ नेता प्रदीप ठाकुर को चुनाव मैदान में उतरने की कवायद चली हुई

है। प्रदीप ठाकुर मंडी जिला के द्रंग क्षेत्र से कांग्रेस से बड़े नेता के रिश्तेदार हैं। प्रदीप ठाकुर ने प्रदेश के कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन दिलाने के लिए प्रदेश भर के कर्मचारियों को लामबंद किया। भाजपा सरकार में कई प्रकार की प्रताड़ना झेलते हुए भी ओल्ड पेंशन आंदोलन को लेकर अपना स्टैंड बराबर बनाए रखा।

विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में आने पर कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने का वादा किया, जिसे कांग्रेस ने सत्ता में आने पर पूरा भी किया है। इसका सारा श्रेय कर्मचारी नेता प्रदीप ठाकुर को ही दिया जाता है। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि प्रदीप ठाकुर को मैदान में उतारने से जहां कर्मचारियों का वोट उनको को मिलेगा।

वहीं, उनके चुनाव मैदान में उतरने से दूसरे लोकसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों को भी कर्मचारियों का भरपूर समर्थन मिल सकता है। इसी को मद्देनजर रखते हुए कांग्रेस हाई कमान प्रदीप ठाकुर को मंडी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारने का मन बना रही है।

हालांकि मंडी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ठाकुर कौल सिंह, युवा नेता निगम भंडारी तथा कल्लू के जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार का नाम भी चर्चा में हैं। इनके अलावा कुछ अन्य नेताओं ने भी कांग्रेस टिकट के लिए दावेदारी जताई है। अब देखना यह है कि कांग्रेस हाईकमान मंडी लोकसभा क्षेत्र से बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के मुकाबले में किसे चुनाव मैदान में उतरते हैं।

हालांकि सोमवार को होली के दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी संकेत दिए हैं कि इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नए चेहरों को उतारेगी। इससे साफ लग रहा है कि कहीं न कहीं कांग्रेस पार्टी प्रदीप ठाकुर जैसे जुझारू नेताओं पर दांव खेलने का प्रयास जरूर करेगी।

One thought on “खास खबरः मंडी लोकसभा क्षेत्र से कर्मचारी नेता हो सकते हैं कांग्रेस के प्रत्याशी, जानें कौन हैं कर्मचारी नेता”

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!