Spread the love

प्रिया शर्मा,
वरिष्ठ संवाददाता।

कुल्लू: हिमाचल की राजनीति में अब दोस्ती और सत्ता आमने-सामने आ खड़ी हुई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की वर्षों पुरानी गहरी दोस्ती अब मंत्री पद की जिद पर टूटने की कगार पर पहुंच गई है।

*दोस्ती ताक पर, धमकी पर उतरे सुंदर ठाकुर*

सुंदर ठाकुर और सीएम सुक्खू आपस में गहरे मित्र माने जाते हैं। लेकिन मंत्री पद न मिलने से उखड़े सुंदर ठाकुर अब वर्षों पुरानी दोस्ती को भी ताक पर रखने को आमादा हो गए हैं।

इतना ही नहीं, अपने सखा से मंत्री पद लेने के लिए वह धमकी देने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। कुल्लू की सियासत में यह पहली बार है, जब दोस्ती की डोर इतनी कमजोर दिख रही है।

*11 दिसंबर तक अल्टीमेटम – नहीं तो सामूहिक इस्तीफा*

सुक्खू सरकार के चार साल पूरे होने के करीब हैं और विधानसभा चुनाव में महज एक साल का वक्त शेष है। ऐसे में सुंदर ठाकुर ने इस मुद्दे को सीधे अपने आत्मसम्मान और कुल्लू के जनमानस की मान-मर्यादा से जोड़ दिया है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सीएम ने कई बार सार्वजनिक मंचों से सुंदर ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने के संकेत और आश्वासन दिए, लेकिन उनकी ताजपोशी की फाइल अब तक ठंडे बस्ते में ही पड़ी है।

इससे नाराज कुल्लू कांग्रेस कमेटी और ठाकुर के समर्थकों ने अब आर-पार के मूड में आते हुए *11 दिसंबर तक कुल्लू को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व नहीं मिला तो सामूहिक त्यागपत्र* देने तक की चेतावनी दे डाली है।

*दिल्ली में भाजपा नेताओं से मुलाकात की चर्चा ने बढ़ाया सस्पेंस*

सुंदर ठाकुर की इस नाराजगी के बीच सियासी फिजा में उनके भाजपा के साथ हाथ मिलाने की अटकलें भी तेज हो गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, कुछ समय पहले सुंदर ठाकुर की दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की चर्चाएं भी सामने आई थीं। हालांकि विधायक ने खुद इस तरह की किसी भी बैठक या पार्टी छोड़ने की खबरों का आधिकारिक तौर पर खंडन किया है, लेकिन सियासी जानकार इसे दबाव बनाने की रणनीति के साथ-साथ भविष्य के विकल्प तलाशने की कवायद के रूप में देख रहे हैं।

*कुल्लू सदर में अंदरूनी कलह ही बनी सबसे बड़ी मुसीबत*

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुंदर ठाकुर की इस बेचैनी के पीछे कुल्लू सदर के जमीनी चुनावी समीकरण भी एक बड़ी वजह हैं।

सदर कांग्रेस के भीतर कई वरिष्ठ और कद्दावर नेता कथित तौर पर सुंदर ठाकुर की कार्यशैली और खुद को हाशिए पर धकेले जाने से बेहद खफा चल रहे हैं। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में अपनों की नाराजगी के बीच दोबारा जीत की राह आसान नहीं दिख रही है।

दूसरी ओर, कुल्लू सदर में भाजपा के पास भी राम सिंह के अलावा कोई दूसरा सशक्त चेहरा नहीं है, और राम सिंह भी संगठन में अपनी स्थिति को लेकर असहज बताए जा रहे हैं।

*अब सबकी निगाहें सुक्खू के अगले कदम पर*

फिलहाल कुल्लू की राजनीति में दोनों ही प्रमुख दलों के भीतर चल रही यह खींचतान आने वाले दिनों में किसी बड़े सियासी उलटफेर का संकेत दे रही है।

*सबकी निगाहें अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अगले कदम और 11 दिसंबर की समयसीमा पर टिकी हुई हैं। क्या सुक्खू दोस्ती बचाएंगे या सत्ता का समीकरण?*

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!