कुल्लू, करंट न्यूज: हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली, चुनावी गारंटियों और आंतरिक गुटबाजी को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पहले जनता को उलझाया, अब विधायकों को लटका रही कांग्रेस
कपूर ने बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस सरकार ने पहले जनता को चुनावी गारंटियों में उलझाया, फिर पंचायत चुनावों को लेकर असमंजस की स्थिति बनाए रखी और अब अपने ही विधायकों को आश्वासनों के सहारे रख रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि *“अटकाना, लटकाना और भटकाना”* अब कांग्रेस सरकार का मूलमंत्र बन गया है।
सुंदर ठाकुर का उदाहरण देकर किया बड़ा खुलासा
भाजपा प्रवक्ता ने कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का उदाहरण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सदन और सार्वजनिक मंचों से कई बार उन्हें मंत्री बनाने का आश्वासन दिया, लेकिन आज तक उन्हें मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिला।
कपूर के अनुसार, इस अनदेखी के कारण सुंदर ठाकुर मानसिक दबाव में हैं और उनके पार्टी छोड़ने तक की चर्चाएं सार्वजनिक रूप से होने लगी हैं।
कांग्रेस कई गुटों में बंटी, संघर्ष चरम पर
कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश कपूर ने कहा कि हिमाचल कांग्रेस में अंदरूनी फूट और गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। कांग्रेस पार्टी कई गुटों में बंट चुकी है और पार्टी के अंदर कई संघर्ष के केंद्र बन गए हैं।
उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में कांग्रेस के भीतर तथा सरकार और नेताओं के बीच संघर्ष चरम पर है।
6 विधायक पहले ही छोड़ चुके हैं पार्टी
उन्होंने पिछले घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे पहले भी 6 कांग्रेस विधायक पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं और 3 निर्दलीय विधायकों ने समर्थन वापस लिया था।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में बहुमत होने के बावजूद राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत कांग्रेस की आंतरिक कमजोरी को दर्शाती है। विधायकों की मौजूदा नाराजगी संकेत देती है कि आने वाले समय में कांग्रेस के भीतर यह संघर्ष और गहरा सकता है।
गारंटियों का हिसाब मांगो, जनता को जवाब दो
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अंदरूनी कलह और सत्ता के संघर्ष में कांग्रेस सरकार के नेता प्रदेश की जनता को भूल चुके हैं।

उन्होंने चुनावी गारंटियों का हिसाब मांगते हुए कहा कि महिलाओं को 1500 रुपये, युवाओं को रोजगार और किसानों-बागवानों को राहत देने के वादों पर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और नशे की बढ़ती समस्या पर ठोस कार्रवाई की मांग की।
पंचायत चुनाव में देरी से रुका ग्रामीण विकास
कपूर ने कहा कि पंचायत चुनावों में देरी से ग्रामीण विकास प्रभावित हुआ है।
वहीं, BBMB में हिमाचल के 7.19 प्रतिशत हिस्से के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस को सलाह दी कि वह केवल श्रेय लेने की राजनीति न करे, बल्कि इस मामले में पूर्ववर्ती सरकारों के प्रयासों और लंबे कानूनी संघर्ष को भी स्वीकार करे।
सीएम पर सीधा कटाक्ष
अंत में मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश कपूर ने कहा कि उन्हें भाजपा की चिंता छोड़कर पहले अपनी पार्टी को संभालना चाहिए।
*उन्होंने कहा कि जो पार्टी अपने विधायकों और कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं रख पा रही, वह प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं पर कैसे खरी उतरेगी?*