Spread the love

हमीरपुर, करंट न्यूज़ : जिस घर में 20 दिन बाद शहनाई बजनी थी, आज उसी घर में मातम पसरा है।

रुठानी गांव के 26 वर्षीय सेना के जवान अक्षय कुमार अब इस दुनिया में नहीं रहे। उत्तराखंड के जोशीमठ में तैनात अक्षय की 3 दिसंबर को शादी होनी थी।

घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। कपड़े आ चुके थे, कार्ड बंटने की तैयारी थी, मां-बाप बेटे की बारात के सपने देख रहे थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

अक्षय अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां-बाप बेसुध हो गए।

शुरुआती जानकारी में मौत का कारण हृदयघात बताया जा रहा है। हालांकि मौत के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गांव में जैसे ही यह खबर पहुंची, हर आंख नम हो गई। जो लोग कल तक शादी की बधाई दे रहे थे, आज वही लोग सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

पूरा गांव गम में डूबा है। हर कोई यही कह रहा है – इतनी जल्दी चला गया हमारा जवान।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!