Spread the love

टाहलीवाल (ऊना), करंट न्यूज़ : हरोली उपमंडल के गांव बाथड़ी में शनिवार देर रात एक क्रशर साइट पर बड़ा हादसा हो गया। यहां एक बजरी से भरा टिप्पर अनियंत्रित होकर करीब 12 फुट की ऊंचाई से नीचे बनी मजदूरों की अस्थायी झुग्गियों पर पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि झुग्गी में सो रही मां और उसकी 6 साल की मासूम बेटी टिप्पर के नीचे दब गईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान रिंकी (40) और उसकी बेटी कोमल (6) निवासी बिहार के रूप में हुई है। दोनों परिवार सहित अस्थायी रूप से बाथड़ी में रह रही थीं और मृतका का पति उसी क्रशर पर काम करता है।

*चालक मौके से फरार*

हादसे के तुरंत बाद टिप्पर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी हरोली मोहन रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

*पुलिस बोली – लापरवाही से हुआ हादसा*

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। डीएसपी हरोली ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा टिप्पर चालक की लापरवाही के कारण पेश आया है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्रशर पर काम करने वाले प्रवासी मजदूरों में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!