कुल्लू | करंट न्यूज़ : मानसून दस्तक देने वाला है और कुल्लू के दो वार्डों में लोग दहशत में हैं। वार्ड नंबर 2 अखाड़ा बाजार और वार्ड नंबर 4 अपर सुल्तानपुर के निवासियों ने सोमवार को उपायुक्त अनुराग चंदर शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर भूस्खलन रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।
“पिछले साल की त्रासदी फिर न दोहराए”
प्रतिनिधिमंडल में महिमन चंदर, अभिनव, राजीव, राजन, आदर्श वीर, अंकुर और रोहित शामिल थे। उन्होंने बताया कि पिछले साल इसी इलाके में हुए भूस्खलन में भारी जान-माल का नुकसान हुआ था। अब फिर से पहाड़ियां दरकने लगी हैं।
निवासियों ने ज्ञापन में कई संवेदनशील जगहें गिनाईं
स्कूल रोड – आत्या शर्मा के घर के नीचे।
अखाड़ा-सुल्तानपुर रोड – गोपाल कृष्ण शास्त्री के घर के नीचे
मठ क्षेत्र।
सीता, अंजू सूद, नीलम शर्मा, राजन सोहल, चंदर अत्री, कंचन गुप्ता, नील कंठ सूद और रमन कुमार अत्री के घरों से सटी अस्थिर पहाड़ियां।

कुल्लू के अखाड़ा बाज़ार इलाके में घरों के ऊपर मलबा और बड़े पत्थर खतरनाक ढंग से लटके हुए हैं। फ़ाइल फ़ोटो।
तत्काल राहत के लिए 7 सूत्रीय मांग
निवासियों ने मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर सरकार से ये मांगे रखीं है।
तत्काल तकनीकी निरीक्षण – सभी चिन्हित स्थानों का सर्वे हो
ढलानों को कवर करना – संवेदनशील ढलानों पर वाटरप्रूफ तिरपाल डाला जाए
ढलान सुदृढ़ीकरण – रिटेनिंग वॉल और तार-जाल लगाए जाएं
प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली – हाई-रिस्क इलाकों में अलार्म सिस्टम
नालियों की सफाई – मलबा हटाकर जल निकासी दुरुस्त की जाए
आपातकालीन तैयारी – रेस्क्यू टीम, अस्थायी शेल्टर और निकासी प्लान
सीवरेज-ड्रेनेज सुधार – जल शक्ति विभाग से रिसाव ठीक करवाना
साथ ही उन्होंने दीर्घकालिक समाधान के तौर पर ढलान स्थिरीकरण और वनीकरण पर जोर दिया।

DC का आश्वासन: “काम तुरंत शुरू होगा”
उपायुक्त अनुराग चंदर शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सुझाए गए सभी सुरक्षात्मक उपायों को प्राथमिकता पर लागू किया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, नगर परिषद और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को तुरंत मरम्मत और दीर्घकालिक योजना बनाने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर हस्तक्षेप ही उन्हें अगली आपदा से बचा सकता है।