बंजार, करंट न्यूज़: हिमाचल प्रदेश मनरेगा व निर्माण एवं सर्व कामगार संगठन, बंजार ब्लॉक का जनरल हाउस आज 6 जुलाई को अंबेडकर भवन, बंजार में आयोजित किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य उपस्थित रहे और श्रमिकों की समस्याओं व संगठन को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
टेक सिंह ने की अध्यक्षता
बैठक की अध्यक्षता संगठन के उपाध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत शिल्ही के उप प्रधान टेक सिंह ने की। उन्होंने कहा कि मनरेगा व निर्माण क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों के हितों की रक्षा करना संगठन की पहली प्राथमिकता है। सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र मजदूर तक पहुंचे, इसके लिए संगठन जमीनी स्तर पर काम करेगा।

बैठक में विशेष अतिथि के रूप में संगठन के संयोजक अजीत राठौर ने भाग लिया। उन्होंने मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि एकजुट होकर ही हम अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचा सकते हैं।
पास हुए दो अहम प्रस्ताव
बैठक में सर्वसम्मति से दो प्रस्ताव पारित किए गए। जिसके तहत संगठन को मजबूत करने का निर्णय लिया गया।
संगठन के सभी सदस्यों ने एकजुट होकर संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत करने का निर्णय लिया। सदस्यों ने कहा कि नए सदस्यों को जोड़ा जाएगा और हर माह बैठक कर श्रमिकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
ताराचंद ठाकुर बने कार्यवाहक अध्यक्ष
संगठन के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से ताराचंद ठाकुर को संगठन का कार्यवाहक अध्यक्ष चुना। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूती से मजदूरों के हितों के लिए कार्य करेगा।
मजदूरों के मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक में मनरेगा के तहत समय पर भुगतान, निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण, ई-श्रम कार्ड, और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर जल्द ही प्रशासन से वार्ता की जाएगी।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन की एकता बनाए रखने और मजदूर वर्ग के हित में काम करने का संकल्प लिया।