हमीरपुर, करंट न्यूज़: सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक महिला के लिए जी का जंजाल बन गई। जिले के एक उपमंडल की रहने वाली महिला ने एक युवक पर शादी का वादा कर 4 साल तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
*2020 में फेसबुक से शुरू हुई थी दोस्ती*
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी से साल 2020 में फेसबुक के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और अच्छी दोस्ती हो गई।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने शादी का झांसा देकर महिला का भरोसा जीता।
*होटल में ले जाकर लूटी आबरू, अब शादी से कर रहा आनाकानी*
महिला का आरोप है कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर कई बार ज्वालाजी क्षेत्र के एक होटल में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता का कहना है कि अब जब उसने शादी की बात की तो आरोपी टालमटोल करने लगा और उसका फोन भी उठाना बंद कर दिया। इसी के बाद महिला ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
*महिला थाने में केस दर्ज, जांच जारी*
महिला की शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी बलबीर सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।