Spread the love

शिमला, करंट न्यूज़ : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा किसानों, बागवानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। रोहडू विधानसभा क्षेत्र के चिड़गांव में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं की।

*1 दिसंबर से दूध के दाम बढ़ेंगे, सेब का एमआईएस रेट 13 रुपये किया*

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि एक दिसंबर से दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की जाएगी। पिछली सरकारों के कार्यकाल में दूध के दाम में बहुत कम वृद्धि होती थी, जबकि वर्तमान सरकार ने दूध के समर्थन मूल्य में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है और आने वाले समय में इसमें और वृद्धि से पशुपालकों की आय में बढ़ोतरी होगी।
साथ ही मंडी मध्यस्थता योजना (एमआईएस) के तहत खरीदे जाने वाले सेब के खरीद मूल्य में भी एक रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की घोषणा की।

अब एमआईएस के तहत सेब 12 रुपये के स्थान पर 13 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार गांवों की सरकार है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सेब बागवानों को लाभान्वित करने के लिए यूनिवर्सल कार्टन व्यवस्था लागू की है तथा प्राकृतिक खेती के उत्पादों को भी समर्थन मूल्य दिया जा रहा है।

*शिक्षा में 21वें से 5वें नंबर पर आया हिमाचल, 300 स्कूल ऑफ एक्सीलेंस बनेंगे*

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में शिक्षा पर ध्यान नहीं दिया और वर्ष 2021 में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में हिमाचल 21वें स्थान पर था, जबकि अब 5वें स्थान पर पहुंच गया है। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में आत्मविश्वास की कमी न हो, इसके लिए पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है।

घटती संख्या को देखते हुए 150 से अधिक सीबीएसई स्कूल खोले हैं। रोहडू के एक स्कूल में सीबीएसई लागू होने के बाद एक ही वर्ष में विद्यार्थियों की संख्या में 500 से अधिक की वृद्धि हुई है। इन सीबीएसई स्कूलों में 1,500 अध्यापकों की नियुक्ति की है तथा सीबीएसई स्कूलों के साथ-साथ शिक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों को भी मजबूत किया जा रहा है।

प्रदेश में 300 स्कूल ऑफ एक्सीलेंस बनाए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में ही बच्चों को बेहतर शिक्षा देना है ताकि अभिभावकों का निजी शिक्षा पर होने वाला खर्च कम हो।

*भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रही सरकार, चोर दरवाजे बंद किए*

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे बंद कर प्रदेश की संपदा को आम लोगों के हित में उपयोग कर रही है। पिछली भाजपा सरकार के समय उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया गया, जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार गरीब और आम लोगों के हित में संपदा का उपयोग कर रही है। जब तक वह मुख्यमंत्री हैं, प्रदेश की संपदा को न लूटने दिया जाएगा और न ही लुटने दिया जाएगा। उन्होंने इस लड़ाई में जनता से सहयोग मांगा।

*मुख्यमंत्री कार्यालय लोगों का कार्यालय, भाजपा ने बनाए 1000 करोड़ के दफ्तर*

मुख्यमंत्री कार्यालय पर भाजपा के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय लोगों का कार्यालय है, जहां आम जनता की समस्याओं का समाधान किया जाता है। भाजपा ने प्रदेश में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के कार्यालय बनाए हैं।

सरकार ने वाइल्ड फ्लावर हॉल और जेएसडब्ल्यू मामलों में सुप्रीम कोर्ट में प्रदेश के हितों की रक्षा की है तथा किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना मामले में भी ऐतिहासिक सफलता मिली है, जिससे हिमाचल के खजाने में लगभग 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये की आय होगी। यदि प्रदेश में भाजपा की सरकार होती तो प्रदेश के हितों के साथ समझौता किया जाता।

*OPS, 1500 पेंशन और आपदा राहत 8 लाख की*

सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की है और आने वाले समय में और कर्मचारियों को दायरे में लाया जाएगा। ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक पेंशन तथा पात्र परिवारों को 300 यूनिट बिजली दी जाएगी। आपदा में प्रदेश में 23 हजार घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए, जिनके लिए सहायता डेढ़ लाख रुपये से बढ़ाकर साढ़े सात लाख रुपये की और अब इसे बढ़ाकर आठ लाख रुपये कर दिया गया है।

*रोहड़ू के लिए बड़ी घोषणाएं*

मुख्यमंत्री ने संदासू को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से स्तरोन्नत कर सिविल अस्पताल बनाने, समरकोट में सब-तहसील खोलने, चिड़गांव में एसडीएम कार्यालय खोलने के लिए सर्वे करवाने तथा जांगला और चिड़गांव स्कूलों को सीबीएसई स्कूल बनाने की घोषणा की।

इससे पहले विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह रोहडू का चौथा दौरा है और जनता की हर मांग पूरी की गई है। दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी से महिलाओं की आय बढ़ी है और दूध उत्पादन को भी बढ़ावा मिला है। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिवपाल ठाकुर, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!