केलंग, करंट न्यूज़ : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज पुराने परिधि गृह के प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

*प्रशासन के आला अधिकारी रहे मौजूद*
इस अवसर पर पीओ आईटीडीपी अश्वनी कुमार तथा एसडीएम कुनिका एकर्स भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला कल्याण अधिकारी संजय कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों, महिला मंडलों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने भी भाग लिया।
*‘अनुभव का खजाना हैं बुजुर्ग’*
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव, ज्ञान और मार्गदर्शन का लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलता है। उन्होंने कहा कि यह दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें गरिमापूर्ण जीवन जीने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना है।

*योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचेगा*
उपायुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि इन योजनाओं का लाभ सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
*स्वास्थ्य शिविर में हुई जांच*
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। वहीं स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें परामर्श दिया गया।