केलंग, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला
लाहुल-स्पीति में राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव-2026 की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जनजातीय संस्कृति और लोक विरासत के इस भव्य आयोजन से पहले आज जिला मुख्यालय केलंग में प्री-इवेंट कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में उपायुक्त एवं अध्यक्ष, राज्य स्तरीय जनजातीय मेला समिति किरण भड़ाना ने उत्सव के लोगो, मैस्कॉट, पोस्टर, आधिकारिक टीजर और वेबसाइट का विधिवत शुभारम्भ किया।

लोक संस्कृति को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि यह उत्सव लाहुल-स्पीति की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं, कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
इस वर्ष मेले को और आकर्षक बनाने के लिए नई गतिविधियों को नए स्वरूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, ताकि स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी लाहुल-स्पीति की अनूठी संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिले।
इस बार “महिला सशक्तिकरण” थीम पर होगा फोकस
उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष जनजातीय उत्सव की मुख्य थीम “महिला सशक्तिकरण” रखी गई है। लाहुल-स्पीति की महिलाएं आज प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक क्षेत्र, कला, संस्कृति, खेल सहित हर क्षेत्र में सफलता की नई मिसाल कायम कर रही हैं। जिले में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उत्सव के माध्यम से महिलाओं की उपलब्धियों, प्रतिभा और योगदान को विशेष रूप से सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
लोगो और वेबसाइट से बढ़ेगी पहुंच
उन्होंने कहा कि लोगो और मैस्कॉट मेले की पहचान एवं सांस्कृतिक भावना के प्रतीक हैं। पोस्टर और टीजर से मेले की भव्यता लोगों तक पहुंचेगी। वहीं आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से मेले से संबंधित कार्यक्रमों और आवश्यक जानकारी आम जनता तक आसानी से पहुंचाई जाएगी।

जनभागीदारी से बनेगा भव्य आयोजन
उपायुक्त ने कहा कि राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि लाहुल-स्पीति की परंपराओं और सामुदायिक सहभागिता का उत्सव है। उन्होंने जिले के लोगों, सांस्कृतिक दलों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं तथा स्थानीय कलाकारों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, एसडीएम केलंग कुनिका एकर्स, डीएसपी रश्मि शर्मा, तहसीलदार विकास कुमार, अधिशाषि अभियंता विद्युत सूर्य शर्मा, सीएमओ डॉ. एम.के. गांधी, उप निदेशक बागवानी मीनाक्षी, डीपीओ आईसीडीएस संजय डोगरा तथा उप निदेशक कृषि चौधरी राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।