कुल्लू, करंट न्यूज़ :
मौसम विभाग द्वारा भारी से अति भारी बारिश और भूस्खलन का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद *कुल्लू उपमंडल में 11 अगस्त 2026 को सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे*।
एसडीएम कुल्लू *डॉ. जयबंती* ने सोमवार को आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 34 के तहत कार्यालय आदेश जारी किए हैं।
*कौन-कौन से संस्थान रहेंगे बंद*
आदेश के अनुसार कुल्लू उपमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी *स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी कॉलेज* 11 अगस्त को बंद रहेंगे।

हालांकि *सभी कक्षाओं की चल रही बोर्ड परीक्षाएं* यथावत आयोजित की जाएंगी।
*खराब मौसम बना कारण*
एसडीएम ने आदेश में कहा कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने भारी बारिश और अचानक बाढ़ की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 10 अगस्त 2026 से कुल्लू उपमंडल के लगभग पूरे क्षेत्र में बारिश हो रही है। विभिन्न स्थानों से भूस्खलन और सड़कों के बंद होने की सूचनाएं भी मिल रही हैं।
खराब मौसम के कारण आम जनता के साथ-साथ स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को भी भारी परेशानी हो रही है। छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
सभी संबंधित अधिकारियों को छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
*प्रशासन ने जारी की सूचना*
यह आदेश 11 अगस्त 2026 को तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आदेश की प्रति जिला दंडाधिकारी कुल्लू, पुलिस अधीक्षक कुल्लू, उप निदेशक उच्च/प्रारंभिक शिक्षा कुल्लू, बाल विकास परियोजना अधिकारी और सभी सरकारी-निजी शिक्षण संस्थानों के प्रिंसिपलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।