Spread the love

बंजार (कुल्लू), करंट न्यूज़ : जिला बंजार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ब्लॉक समिति बंजार के 15 वार्डों के चुनाव परिणाम आज अंबेडकर भवन, बंजार में घोषित किए गए। परिणामों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 में से 12 सीटों पर विजय प्राप्त की। इस उपलब्धि पर बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने सभी विजयी उम्मीदवारों एवं क्षेत्र की जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

चुनाव परिणामों की घोषणा को लेकर अंबेडकर भवन में सुबह से ही भारी संख्या में लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ब्लॉक समिति पर नियंत्रण को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़े मुकाबले की चर्चाएँ थीं, लेकिन अंतिम परिणामों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने स्पष्ट बढ़त हासिल करते हुए समिति में अपना मजबूत वर्चस्व स्थापित किया।

विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि यह जीत बंजार की जनता के भाजपा की जनहितैषी नीतियों, विकास कार्यों और संगठन की मजबूती पर विश्वास की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने एक बार फिर भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन देकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि वे विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति को प्राथमिकता देती है।

कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए विधायक शौरी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के प्रति जनता का मोहभंग होना शुरू हो चुका है और हालिया चुनाव परिणाम इसके स्पष्ट संकेत हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन जमीनी स्तर पर पूरी तरह सक्रिय और मजबूत है, जबकि कांग्रेस नेतृत्व एवं संगठन दोनों स्तरों पर कमजोर साबित हो रही है।

शौरी ने कहा कि भाजपा समर्थित सभी निर्वाचित प्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!