Spread the love

मंडी, करंट न्यूज़ : रविवार को नगर निगम के चुनाव परिणाम में भाजपा को भारी बहुमत मिलने से जहां मंडी, धर्मशाला व सोलन में जश्न का माहौल है। वहीं, मंडी में नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ-साथ जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि “मंडी हमारी थी और हमारी ही रहेगी”।

उन्होंने कांग्रेस को ललकारते हुए कहा कि जिस तरह से विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मात्र एक सीट से संतोष करना पड़ा था। उसी तरह नगर निगम के चुनाव में भी कांग्रेस का सफाया करते हुए मात्र एक सीट पर समेट दिया है।

कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में मंडी जिला की तमाम सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी जीत हासिल करेंगे और कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया किया जाएगा।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मंडी नगर निगम के मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि क्या जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत व मतदाताओं के विश्वास का परिणाम है, जो आज 14 सीटों में से 12 सीटों पर भाजपा ने अपना परचम लहराया है।

उन्होंने नवनिर्वाचित पार्षदों से भी आग्रह किया कि चुनाव भी हो गए और परिणाम भी निकल चुका है। अब शहर के विकास की ओर विशेष ध्यान देना होगा। ताकि मंडी नगर निगम क्षेत्र की तमाम समस्याओं का समाधान हो सके और लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया हो सके।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मंडी जिला का विकास पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में जो विकास कार्य शुरू हुए थे, उन पर भी पूर्ण विराम लगा हुआ है।

ऐसे में खास तौर पर नगर निगम क्षेत्र में जीते पार्षदों को विकास कार्यों की तरफ विशेष ध्यान देना होगा। कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अब तक की सबसे निकम्मी सरकार साबित हुई है। जिसने लोगों से सुविधाएं छीनने के साथ-साथ विकास कार्यों पर भी अड़ंगा लगा रखा है।

इस मौके पर मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी तथा द्रंग के विधायक पूर्ण चंद्र ठाकुर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!