धर्मचंद यादव, संपादक करंट न्यूज़।
कुल्लू : जिला के धाऊगी जिला परिषद वार्ड से भाजपा के ही वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश ठाकुर द्वारा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव जीतने से खास तौर पर बंजार विधानसभा क्षेत्र की सियासत में खलबली मच गई है। उनकी जीत से भाजपा के एक खेमे में मुर्दानगी पसर गई है।
जबकि चुनाव परिणाम में भाजपा समर्थित प्रत्याशी चौथे नंबर पर है। ओम प्रकाश ठाकुर का मुकाबला कांग्रेस समर्थित गिरधारी लाल से रहा। जिनको ओम प्रकाश ठाकुर ने लकी नंबर 11 वोट से मात दी। लेकिन मसला केवल 11 वोट से जीतने का नहीं है। क्योंकि चुनावी जीत एक वोट से भी होती है। जबकि ओम प्रकाश ठाकुर लकी 11 वोट से जीते हैं।
हालांकि ओमप्रकाश ठाकुर को बंजार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी का समर्थन नहीं मिल पाया। उन्होंने धाऊगी वार्ड से तेज सिंह ठाकुर को भाजपा प्रत्याशी के तौर पर समर्थन दिया था। जो चुनावी प्रक्रिया में सबसे पीछे चौथे स्थान पर रहे।
जबकि, ओम प्रकाश ठाकुर ने भी चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक रखी थी। वहीं, उन्हें चुनाव प्रचार के दौरान जनता का भी भरपूर समर्थन हो आशीर्वाद मिला, यही वजह रही कि उन्हें इस चुनाव में जीत हासिल हुई।
चूंकि उन्हें बंजार क्षेत्र से खासतौर पर सैंज घाटी से अगले विधानसभा के लिए प्रत्याशी के तौर पर भी देखा जा रहा है। यही वजह रही है कि विधायक सुरेंद्र शौरी ने उन्हें भाजपा समर्थित प्रत्याशी घोषित नहीं किया।
क्योंकि उन्हें इस बात का अंदाजा है कि अगर ओमप्रकाश ठाकुर जिला परिषद चुनाव जीतते हैं तो निश्चित तौर पर वह आने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी विधानसभा की राह का रोड़ा बन सकते हैं। लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश ठाकुर ने भी हार नहीं मानी और निर्दलीय तौर पर चुनावी मैदान में कूद पड़े।
उनके चुनाव प्रचार के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने उनकी प्रचार की कमान संभाली। वहीं, आम जनमानस ने भी उन्हें जीत का आशीर्वाद देते हुए उनके लिए विधानसभा की राह खोल दी है। जिस पर कदम उनको बढ़ाने हैं।
जिला परिषद चुनाव के नतीजे में ओम प्रकाश ठाकुर को 5303, कांग्रेस के गिरधारी लाल को 5292, निर्दलीय दर्शन ठाकुर को 4849 तथा भाजपा के तेज सिंह ठाकुर को 3699 वोट पड़े। जिसमें ओमप्रकाश ठाकुर 11 वोटो से विजयी रहे। जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी तेज सिंह ठाकुर चौथे स्थान पर रहे।
बंजार विधानसभा क्षेत्र के धाऊगी जिला परिषद वार्ड से ओम प्रकाश ठाकुर की जीत ने भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी के किले में सेंधमारी कर दी है। वह अपने किले को बचा पाएंगे या नहीं, यह आने वाला समय ही बताएगा।
फिलहाल माना जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में ओमप्रकाश ठाकुर बंजार विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दावेदार होंगे और जिला परिषद चुनाव जीतना उनके लिए विधानसभा का सेमीफाइनल था, जो उन्होंने जीत कर दिखा दिया।
वहीं, सैंज घाटी में इस बात की चर्चा भी जोरों पर चल पड़ी है कि इस इलाके को आज तक विधानसभा में स्थान नहीं दिया गया। ऐसे में ओमप्रकाश ठाकुर को यहां की जनता अगले विधानसभा चुनाव प्रत्याशी के तौर पर देख रही है।
निश्चित तौर पर ओम प्रकाश ठाकुर की जनता में अपनी बेहतर छवि के चलते अच्छी पकड़ है, वह लोगों की हर संभव मदद के लिए हर समय उपलब्ध भी रहते हैं। यही वजह है कि इलाके की जनता उन्हें अपना भरपूर आशीर्वाद व सहयोग देने के लिए तत्पर है।
अब देखना यह है कि ओम प्रकाश ठाकुर जिला परिषद चुनाव जीतने के बाद अपने कदम विधानसभा की ओर बढ़ा पाएंगे हैं या फिर भाजपा के बड़े नेताओं के दबाव में आकर धाऊगी तक ही सिमट कर रह जाएंगे ?