करंट न्यूज ब्यूरो
कांगड़ा/हमीरपुर/मंडी
शुक्रवार को भी हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में कोरोना ने 66 और लोगों की सांसें छीन ली।
सबसे ज्यादा कांगड़ा जिले में रिकॉर्ड 32 संक्रमितों की मौत हुई है। जबकि हमीरपुर में पांच, मंडी आठ, ऊना छह, शिमला पांच, सोलन चार, कुल्लू तीन, सिरमौर दो और चंबा में एक व्यक्ति कोरोना से जिंदगी की जंग हार गए। उधर शिमला जिला के ठियोग क्षेत्र में एक माह की कोरोना पॉजिटिव बच्ची की भी मौत हो गई।
हालांकि शुक्रवार को कोरोना संक्रमित मरीजों की ठीक होने की संख्या काफी बेहत रही। वहीं पॉजिटिव आने वालों की संख्या काफी कम है।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में 2888 और लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से कांगड़ा 736, सोलन 316, बिलासपुर 343, चंबा 249, मंडी 266, शिमला 161, ऊना 292, हमीरपुर 200, सिरमौर 217, किन्नौर 27, कुल्लू 62 और लाहुल-स्पीति में 19 नए मामले आए हैं।
कुल्लू जेल में दो कैदी भी पॉजिटिव आए हैं। रोजाना के मुकाबले शुक्रवार को केसों में करीब एक हजार की कमी दर्ज की गई है जोकि राहत की बात है।
कहां कितने सक्रिय केस
इसके साथ ही प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 153717 पहुंच गया है। इनमें से अब तक 111878 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। सक्रिय कोरोना मामले अब 39623 रह गए हैं और 2185 संक्रमितों की मौत हुई है।
बिलासपुर में कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या 3078, चंबा 2309, हमीरपुर 2884, कांगड़ा 12272 , किन्नौर 375, कुल्लू 941, लाहौल-स्पीति 268, मंडी 4375, शिमला 3394, सिरमौर 3206, सोलन 3932 और ऊना जिले में 2589 पहुंच गई है।
बीते 24 घंटों में 3362 संक्रमित ठीक हुए हैं। इस दौरान कोरोना की जांच के लिए 11388 लोगों के सैंपल लिए गए।