Spread the love

शिमला, करंट न्यूज़: विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल कर दिया है। मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत की ओर से जारी आदेशों के बाद 4 एचएएस अधिकारियों के तबादले हुए हैं।

जबकि लंबे समय से तैनाती का इंतजार कर रहे 3 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिली है। ये सभी आदेश तुरंत प्रभाव से लागू होंगे।

सबसे पहले तैनाती का इंतजार कर रहे अधिकारियों को राहत दी गई। सिद्धार्थ आचार्य को भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग में अतिरिक्त सचिव लगाया गया है, जबकि राजिंद्र कुमार गौतम को उप सचिव (एसएडी) बनाया गया है।

इसी कड़ी में कुलवंत सिंह को एसडीएम कुपवी नियुक्त किया गया है। उनके ज्वाइन करते ही एसडीएम चौपाल हेम चंद वर्मा कुपवी के अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त हो जाएंगे।

इसके साथ ही काम कर रहे अधिकारियों की भी अदला-बदली हुई है। एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर को जिला पर्यटन विकास अधिकारी कांगड़ा (धर्मशाला) भेजा गया है।

उनकी जगह एसडीएम बालीचौकी बचित्तर सिंह को जयसिंहपुर का जिम्मा दिया गया है। विनय धीमान को धर्मशाला से हटाकर कार्मिक विभाग (पूल) में रिपोर्ट करने को कहा गया है।

इसी फेरबदल में सहायक आयुक्त स्तर पर भी बदलाव हुआ है। घुमारवीं में सहायक आयुक्त राजस्व कम तहसीलदार बबीता धीमान को सहायक आयुक्त उपायुक्त कार्यालय कुल्लू लगाया गया है।

उनके कार्यभार संभालते ही डॉ. रोहित शर्मा जिला पर्यटन विकास अधिकारी कुल्लू के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे। वहीं हमीरपुर में सहायक आयुक्त विकास कम बीडीओ रजत चौधरी को इसी पद पर भोरंज भेजा गया है।

प्रशासन के साथ-साथ पुलिस महकमे में भी फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय में तैनाती का इंतजार कर रहे एचपीएस अधिकारी मदन लाल को फर्स्ट आईआरबीएन बनगढ़, ऊना का कमांडैंट बनाया गया है।

इस पद का कार्यभार संभाल रहीं आईपीएस डॉ. आकृति को पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। उनकी अगली तैनाती के आदेश अलग से जारी होंगे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!