गगल (कांगड़ा), करंट न्यूज़ : नशे के सौदागरों पर कांगड़ा पुलिस ने एक और बड़ा वार किया है। सीआईए टीम ने बनोई पुल के पास चलती बस से 50.88 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में एक महिला और एक युवक को हिरासत में लिया गया है।
शनिवार रात सीआईए कांगड़ा की टीम बनोई पुल के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चंबा से मनाली जा रही एचआरटीसी बस नंबर HP-73-4443 को रोककर चेक किया गया।
चेकिंग के दौरान बस में बैठे दो यात्रियों की हरकतें पुलिस को खटकीं। शक होने पर जब उनकी तलाशी ली गई तो दोनों के पास से चिट्टा निकला।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान पालमपुर की रहने वाली 29 साल की मोनिका देवी और पंजाब के तरनतारन के रहने वाले 18 साल के अविनाश कुमार उर्फ कालू के रूप में हुई है।
गगल थाने में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।