Spread the love

स्वारघाट (बिलासपुर), करंट न्यूज़ : बिलासपुर पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ चल रही मुहिम को एक और बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच टीम (एसडीटी) ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गड़ा मोड़ा के पास आरटीओ बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक गाड़ी से 38.24 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने मौके पर ही गाड़ी में सवार मंडी जिले के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार एसडीटी की टीम फोरलेन पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक गाड़ी को शक के आधार पर जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर गाड़ी से चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में लेकर गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया।

ये हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हितेश कुमार (33) निवासी रंधाड़ा, तहसील सदर, जिला मंडी और प्रवीण कुमार (34) निवासी त्रांबी, डाकघर खलाणू, तहसील कोटली, जिला मंडी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

अब खंगाले जाएंगे लिंक

पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। आरोपी चिट्टे की यह खेप कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था, इसको लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालेगी, ताकि नशे की इस सप्लाई चेन से जुड़े अन्य तस्करों तक भी पहुंचा जा सके।

एसपी बोले – अभियान जारी रहेगा

एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल तस्करों और सप्लायरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले में नशा तस्करी को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!