Spread the love

झाकड़ी (शिमला) करंट न्यूज़: एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में 26 अक्टूबर से चल रहा सतर्कता जागरूकता सप्ताह शनिवार को संपन्न हो गया। केंद्रीय सतर्कता आयोग और निगम सतर्कता विभाग के निर्देशों पर आयोजित इस सप्ताह का समापन समारोह परियोजना प्रमुख राजीव कपूर की मौजूदगी में हुआ। इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

*विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह*

सप्ताह भर इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ पर आधारित कई जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रश्नोत्तरी, नारा लेखन, भाषण, पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग और रंगोली प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, कर्मियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया।

*परियोजना प्रमुख बोले – सत्यनिष्ठा कार्यसंस्कृति का हिस्सा होनी चाहिए*

समापन समारोह में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने विद्यार्थियों की पेंटिंग, पोस्टर और भाषणों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने अपनी अभिव्यक्ति से थीम को सार्थक किया है। सत्यनिष्ठा केवल आदर्श नहीं, बल्कि दैनिक जीवन और कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग होनी चाहिए। ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा ही सशक्त संस्थान और समृद्ध समाज की नींव हैं।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में नैतिक मूल्यों के संस्कार जरूरी हैं, क्योंकि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने महिलाओं द्वारा बनाई गई रंगोली की भी सराहना की।

*विजेताओं को किया सम्मानित*

समारोह के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने पुरस्कार और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!