नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के रीवा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद जनार्दन मिश्रा ने कथित तौर पर इस सप्ताह की शुरुआत में एक कार्यक्रम के दौरान देश के किसानों को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि किसान साल में केवल तीन महीने काम करते हैं और बाकी नौ महीने शराब पीने व ताश खेलने में बिताते हैं.
सोमवार (9 नवंबर) को मऊगंज में आयोजित एक गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर की गई उनकी इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस बयान की विभिन्न वर्गों की ओर से आलोचना की जा रही है.
कार्यक्रम के बताए जा रहे एक वीडियो में मिश्रा को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘आज का किसान तीन महीने काम करता है, जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलता है, राजश्री (गुटखा) खाता है, बोतल (शराब) पीता है, चोंगा पीता है और ‘जय भोले’ करता है.’
मिश्रा की इस टिप्पणी की किसान संगठनों और कांग्रेस ने आलोचना की है.
‘पिछड़ी हुई मानसिकता और बेशर्मी की पराकाष्ठा’
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल किसान मजदूर महासंघ (एनकेएमएम) ने मिश्रा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है. वहीं, कुछ किसानों ने भाजपा सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस से संपर्क किया है.
न्यू इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, भाजपा सांसद के इस बयान के बाद मंगलवार को ‘संयुक्त किसान मोर्चा’ ने रीवा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को एक ज्ञापन सौंपकर उनके खिलाफ एफाईआर दर्ज करने की मांग की.
किसान संगठन ने यह भी घोषणा की है कि वे राष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष के पास जाकर मिश्रा की लोकसभा सदस्यता रद्द करने की मांग करेंगे.
एनकेएमएम के मऊगंज जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने कृषि कार्यों और किसानों की मेहनत को लेकर मिश्रा की नकारात्मक धारणा पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि किसान बुवाई, निराई-गुड़ाई, सिंचाई और फसल कटाई के साथ-साथ अगली फसल की तैयारी में भी लगे रहते हैं, जो मिश्रा के ‘तीन महीने काम करने’ वाले दावे को गलत साबित करता है.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सिंह ने किसानों के सामने आने वाली दूसरी चुनौतियों का भी जिक्र किया. इनमें आवारा मवेशियों से फसलों की रक्षा करना और खाद तथा बीजों की व्यवस्था करना शामिल है.
कांग्रेस नेता राहुल राज ने मिश्रा की टिप्पणी को ‘पिछड़ी हुई मानसिकता और बेशर्मी की पराकाष्ठा’ करार दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि कोई जनप्रतिनिधि इस तरह की टिप्पणी कैसे कर सकता है.
अखबार ने भाजपा के कुछ सूत्रों हवाले से बताया है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस टिप्पणी को लेकर मिश्रा को फटकार लगाई है.
बुधवार को मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उनका मकसद किसानों की समस्याओं पर चर्चा करना था और वे उनकी चुनौतियों से अच्छी तरह परिचित हैं. उन्होंने दावा किया कि उनके बयान के वीडियो को संदर्भ से काटकर पेश किया गया है.
मिश्रा ने कहा, ‘मैं भी एक किसान परिवार से हूं. मैं खेती की कठिनाइयों, किसानों की समस्याओं और उनकी जरूरतों से अच्छी तरह परिचित हूं. मुझे यह भी पता है कि किसानों को अधिक समृद्ध कैसे बनाया जा सकता है. मैं उनके पारिवारिक मुद्दों और आर्थिक परेशानियों को समझता हूं, और यह भी जानता हूं कि गांवों में बेहतर माहौल कैसे बनाया जा सकता है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘अगर मेरे उस बयान या भाषण से किसी किसान भाई को ठेस पहुंची है, जिसे तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है, तो मैं इसके लिए माफी मांगता हूं. मेरा किसी का अपमान करने या किसी किसान भाई को मानसिक पीड़ा पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था.’
मिश्रा की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब 2027 में कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले किसानों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर चर्चा एक बार फिर तेज हो रही है.
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब 70 वर्षीय सांसद ने अपने बयानों से विवाद खड़ा किया हो. अगस्त में रीवा हवाई अड्डे पर नई उड़ान सेवाओं के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, मिश्रा ने एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों पर निशाना साधा था.
मिश्रा ने कहा था, ‘एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वाले कह रहे हैं कि उन्हें सिर्फ शुद्ध पेट्रोल चाहिए. जब देश में शुद्ध पेट्रोल है ही नहीं, तो यह कहां से आएगा? क्या यह उनके बाप के घर से आएगा?’
मिश्रा ने यह भी तर्क दिया कि भारत अपनी खपत का केवल 20 प्रतिशत कच्चा तेल ही पैदा करता है, जबकि बाकी 80 प्रतिशत आयात किया जाता है. उन्होंने कहा था, ‘दुनिया में चल रहे युद्ध जैसे हालात के कारण, तेल की सप्लाई के लिए जहाजों को अब 18,000 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है. ऐसे में, जब प्रधानमंत्री मोदी पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिलाने की बात करते हैं, तो कुछ लोग विरोध करने लगते हैं.’
साल 2022 में रीवा ज़िले में जल संरक्षण को लेकर एक अजीबोगरीब बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि नदी, नाले, तालाब सब सूख गए हैं, जलस्तर कम हो गया है, पानी तब बचेगा जब पैसा लगाओ… चाहे कितनी फ़िज़ूलख़र्ची करो… हमें आपत्ति नहीं है, लेकिन जल कर चुकाओ.
उन्होंने आगे कहा था कि चाहे दारू पियो, गुटखा खाओ, आयोडेक्स खाओ और चाहे थिनर सूंघो, लेकिन पानी के लिए टैक्स देना पड़ेगा. सभी खर्चों में कटौती करके सभी को जल कर देना चाहिए.
साल 2019 में मिश्रा ने एक आईएएस अधिकारी पर अवैध कॉलोनी में रहने वाले लोगों से रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए सार्वजनिक मंच से कहा था कि जब निगम आयुक्त आपके पास आए और पैसे मांगे तो मुझे बुलाना. मैं आऊंगा और एक गड्ढा खोदकर उसे ज़िंदा गाड़ दूंगा.
साभार: द वायर