चंबा, करंट न्यूज़: हिमाचल की बेटी ने फिर कमाल कर दिया। गुजरात के अहमदाबाद में हुई पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप-2026 के फाइनल में भारतीय महिला टीम ने युगांडा को 35-15 के बड़े अंतर से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। इस ऐतिहासिक जीत में चंबा जिले के चुराह उपमंडल के बघेईगढ़ की चंपा ठाकुर ने बेहतरीन डिफेंस से अहम भूमिका निभाई।
*छह मैच, छह एकतरफा जीत – भारत की बादशाहत कायम*
भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक खेल दिखाया। टीम ने अपने सभी छह मुकाबले एकतरफा जीते। 31 अक्टूबर को खेले गए फाइनल में चंपा के सटीक टैकल और टीम के तालमेल के आगे युगांडा की एक न चली। इस जीत के साथ भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर फिर दबदबा साबित किया।
*मिट्टी के मैदान से साई हॉस्टल तक का सफर*
चंपा का सफर आसान नहीं था। खेल की शुरुआत प्राथमिक स्कूल की प्रतियोगिता से हुई, जहां मिट्टी के मैदान पर कबड्डी खेली। प्रतिभा देखकर उनका चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) हॉस्टल के लिए हुआ, जो करियर का टर्निंग पॉइंट बना। पेशेवर प्रशिक्षण के दम पर वे लगातार तीन बार राष्ट्रीय चैंपियन रही हिमाचल टीम की मुख्य खिलाड़ी रहीं।
*पिता पहलवान, भाई भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी*
चंपा को खेल विरासत में मिला है। पिता रमेश ठाकुर क्षेत्र के नामी पहलवान हैं। पिता को अखाड़े में देखकर ही चंपा में खेल की ललक जगी। उनके भाई भी कुश्ती में राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा रहे हैं। आज पूरा परिवार चुराह में स्पोर्ट्स आइकॉन बन चुका है।
*दूसरी बार जीता देश के लिए गोल्ड, चुराह में जश्न*
चंपा ने दूसरी बार भारत के लिए स्वर्ण जीता है। इससे पहले वे कबड्डी वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। इस उपलब्धि से चुराह, चंबा और पूरे प्रदेश में जश्न का माहौल है। चंपा ने साबित किया कि प्रतिभा सुविधाओं की मोहताज नहीं होती।