शिमला,करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश सरकार ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में होने वाले राज्य और जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी इस रोस्टर में उपमुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और विधानसभा अध्यक्ष को विभिन्न जिलों की जिम्मेदारी दी गई है।
इस बार राज्य स्तरीय समारोह हमीरपुर जिले के बड़सर में होगा। इसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे। सरकारी कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा।
बड़ी चर्चा: विक्रमादित्य सिंह का नाम सूची से गायब
11 जिलों के लिए जारी की गई सूची में कैबिनेट मंत्रियों के साथ-साथ एक विधायक को भी अध्यक्षता सौंपी गई है, लेकिन लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का नाम कहीं नहीं है। उनका नाम सूची से बाहर होने के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन इसको लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जिलों के मुख्य अतिथि कौन?
- चम्बा: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री।
- बिलासपुर: विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया।
- सोलन: स्वास्थ्य मंत्री कर्नल (डॉ.) धनी राम शांडिल।
- कांगड़ा – धर्मशाला: कृषि मंत्री चंद्र कुमार।
- कुल्लू: उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान।
- किन्नौर – रिकांगपिओ: राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी।
- शिमला: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर।
- ऊना: ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह।
- सिरमौर – नाहन: टीसीपी मंत्री राजेश धर्माणी।
- मंडी: आयुष मंत्री यादविंदर गोमा।

वहीं जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति केलांग में मंत्री नहीं, बल्कि विधायक सुंदर सिंह ठाकुर तिरंगा फहराएंगे।
मंत्रियों की ड्यूटी लिस्ट जारी होने के बाद अब सभी जिलों में 15 अगस्त की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।