Spread the love

ऊना, करंट न्यूज़ :  
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ *स्टेट विजिलेंस* ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। विजिलेंस टीम ने लोक निर्माण विभाग के इलैक्ट्रिकल विंग में तैनात *जूनियर इंजीनियर परवेश कुमार* को 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी सरकारी कार्यालय में बैठकर ठेकेदार के लंबित बिल पास करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।

*बिल पास करने के बदले मांगी थी रिश्वत

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ठेकेदार द्वारा किए गए कार्य के बिल काफी समय से PWD कार्यालय में लंबित पड़े थे। जेई परवेश कुमार इन बिलों को पास करने के एवज में लगातार रिश्वत का दबाव बना रहा था।

भ्रष्टाचार से तंग आकर ठेकेदार ने कुछ दिन पहले ऊना विजिलेंस से संपर्क कर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई।

*रंगीन नोटों के साथ पकड़ा

मंगलवार को विजिलेंस थाना ऊना के *डीएसपी फिरोज खान* के नेतृत्व में विशेष टीम ने PWD कार्यालय के आसपास जाल बिछाया। तय योजना के मुताबिक जैसे ही ठेकेदार ने J.E. परवेश कुमार को कार्यालय में 8 हजार रुपए की रिश्वत दी, वहां पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की नकदी भी बरामद हुई।

विजिलेंस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। ताकि विभाग में चल रही कमीशनखोरी के अन्य मामलों का भी खुलासा हो सके।

*भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज

आरोपी J.E. के खिलाफ विजिलेंस थाना ऊना में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

डीएसपी फिरोज खान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि रिश्वत मांगने वाले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी की शिकायत तुरंत विजिलेंस को दें।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!