Spread the love

कुल्लू, करंट न्यूज़ :
टेट प्रभावित शिक्षक मोर्चा, हिमाचल प्रदेश के बैनर तले जिला कुल्लू के टेट प्रभावित शिक्षकों ने *सोमवार* को एसी टू डीसी *जयबंती ठाकुर* के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नाम ज्ञापन सौंपा। मोर्चा ने वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त एवं वर्तमान में सेवारत शिक्षकों को अनिवार्य टेट की शर्त से राहत देने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मोर्चा के प्रदेश महासचिव *हितेंद्र साहसी* ने किया।

*संसद में लाया जाए विधेयक*

मोर्चा के राज्य उपाध्यक्ष *हरमेश लाल शर्मा* ने कहा कि 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों की भर्ती उस समय लागू नियमों और निर्धारित योग्यता के आधार पर हुई थी। ऐसे में वर्षों तक सेवा देने के बाद अब उन पर टेट की अनिवार्यता लगाना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि इस शर्त को समाप्त करने के लिए संसद में आवश्यक विधेयक लाया जाए।

उन्होंने कहा कि टेट प्रभावित शिक्षक लंबे समय से विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं और बच्चों के शैक्षणिक विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनके अनुभव और सेवा अवधि को देखते हुए सरकार को उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस नीति बनानी चाहिए।

*शैक्षिक योग्यता में एकमुश्त छूट की मांग* 

जिला अध्यक्ष *किशोरी ठाकुर* और जिला महासचिव *खेम दास महंत* ने कहा कि कई शिक्षकों के लिए वर्तमान न्यूनतम शैक्षिक योग्यता बाधा बन रही है। ऐसे शिक्षकों को एकमुश्त छूट दी जाए। उन्होंने कहा कि नियुक्ति के समय लागू नियमों के आधार पर ही पुराने शिक्षकों को राहत मिलनी चाहिए।

*उत्तीर्णांक 40 प्रतिशत करने की मांग* 

मोर्चा ने टेट परीक्षा का उत्तीर्णांक घटाकर 40 प्रतिशत करने की भी मांग उठाई। साथ ही हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से विशेष टेट परीक्षा शीघ्र करवाने का आग्रह किया, ताकि पात्र शिक्षकों को पर्याप्त अवसर मिल सकें।

जिला कोषाध्यक्ष मीना ठाकुर और सह सचिव दीपिका शर्मा ने कहा कि वर्षों से सेवाएं दे रहे शिक्षकों के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसे समाप्त करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार को शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

*ये रहे उपस्थित*
 
ज्ञापन के दौरान जिला उपाध्यक्ष गुरदेव ठाकुर, खंड कुल्लू-2 अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, सह सचिव वीर सिंह, खंड कुल्लू-1 अध्यक्ष दिनेश कुमार, राज प्राशर, शेर सिंह, वृद्ध सिंह ठाकुर, चौबे राम, योद्ध राज, खंड नग्गर अध्यक्ष दिनेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष हरे कृष्ण ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

मोर्चा ने आशा जताई कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर शीघ्र न्यायोचित निर्णय लेंगे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!