Spread the love

शिमला | करंट न्यूज़: 
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी *‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’* अब धरातल पर उतरने जा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि *6, 7 और 8 अगस्त* को प्रदेशभर में *ब्लॉक स्तर पर जन-संवाद कार्यक्रम* आयोजित किए जाएंगे।

*ब्लॉक स्तर पर होगा सीधा संवाद

मुख्यमंत्री ने कल सायं ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ये जन-संवाद कार्यक्रम *ब्लॉक स्तर* पर होंगे और इनकी *अध्यक्षता संबंधित क्षेत्र के विधायक* करेंगे।

इसके लिए ग्राम पंचायतों के क्लस्टर बनाए जाएंगे। एक क्लस्टर में *अधिकतम 10 ग्राम पंचायतें* शामिल होंगी।

*अति निर्धन परिवारों को मिलेगा मंच

CM सुक्खू ने बताया कि इन कार्यक्रमों में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चिन्हित अति निर्धन परिवारों को आमंत्रित किया जाएगा। प्रदेश में सर्वे के बाद *लगभग 1.78 लाख अति निर्धन परिवार* चिन्हित किए गए हैं। यह प्रक्रिया *8 चरणों* में पूरी की गई है।

मुख्यमंत्री ने चिंता जताई कि *85 हजार परिवार ऐसे हैं जो अति निर्धन हैं* लेकिन उन्हें न तो कभी *BPL* में शामिल किया गया और न ही उन्हें सरकार की किसी योजना का लाभ मिला।

उन्होंने कहा, _“सरकार का लक्ष्य है कि हर उस परिवार को योजनाओं का लाभ मिले जो अब तक अपने हक से वंचित रहा है।”_

*फीडबैक के आधार पर बनेंगी नई योजनाएं

जन-संवाद में इन परिवारों के विकास और कल्याण के लिए चल रही विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी। कार्यक्रम से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर प्रदेश सरकार नई योजनाएं बनाएगी और उन्हें जमीन पर लागू करेगी।

CM ने कहा, _“इन अति निर्धन परिवारों की आर्थिक स्थिति में बदलाव लाकर ही हम प्रदेश की अर्थव्यवस्था और समृद्धि की ओर बढ़ सकते हैं।”

*पारदर्शिता पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अति निर्धन परिवारों के चयन का सर्वेक्षण *पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी* से किया गया है। इस काम के लिए संबंधित अधिकारियों को जवाबदेह भी बनाया गया है।

*कौन रहे मौजूद*

बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, सचिव सी. पालरासु, निदेशक राघव शर्मा, निदेशक डॉ. निपुण जिंदल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!