ऊना | करंट न्यूज़:
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि जल शक्ति विभाग को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार देने के लिए *इस वित्त वर्ष लगभग 4,000 पदों पर भर्ती* की जाएगी। उन्होंने कहा कि _“पर्याप्त मैनपावर के बिना कोई भी योजना सफल नहीं हो सकती। इसलिए सरकार विभाग को सुदृढ़ बनाने के साथ रोजगार सृजन पर विशेष जोर दे रही है।”_
वे शनिवार को हरोली के पालकवाह ऑडिटोरियम में जल शक्ति विभाग, हमीरपुर जोन द्वारा आयोजित जलापूर्ति एवं सिंचाई योजनाओं के संचालन, रखरखाव और जल गुणवत्ता निगरानी विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
*पेयजल के लिए 2000 करोड़ की योजना*
उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में पेयजल की गुणवत्ता सुधारने और जल शुद्धिकरण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए *लगभग 2,000 करोड़ रुपये की व्यापक योजना* लागू की जाएगी।
इस योजना के तहत *आधुनिक तकनीक आधारित जल शुद्धिकरण प्रणालियां* स्थापित की जाएंगी। इससे प्रदेशवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल मिलेगा और जलजनित बीमारियों में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि विभाग इस योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू कर रहा है।
*फिना सिंह परियोजना के लिए 300 करोड़*
उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिले की फिना सिंह सिंचाई परियोजना को पूरा करने के लिए *300 करोड़ रुपये* पहले ही स्वीकृत किए जा चुके हैं। प्रदेश में जल शक्ति विभाग की करोड़ों की अन्य विकास परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।
*नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई*
नशे के खिलाफ सरकार का रुख साफ करते हुए उन्होंने कहा कि *नशे से जुड़े मामलों में संलिप्त 36 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त* किया जा चुका है। _“सरकार इस विषय पर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी”_, उन्होंने स्पष्ट किया।
*पैरा कर्मियों को मिला सम्मान*
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने नव नियुक्त पैरा पंप ऑपरेटरों, पैरा फिटरों, मल्टीपरपज वर्कर्स और वाटर गार्ड्स को विभाग का *ध्वजवाहक* बताते हुए कहा कि प्रदेश के घर-घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है।
उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि *यह 58 वर्ष तक पेंशन लाभ वाली नौकरी है* और मौजूदा सरकार के कार्यकाल में कर्मचारियों के हित में *निर्णायक फैसले* लिए जाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि अगले साल से उत्कृष्ट कर्मचारियों को सम्मानित करने की परंपरा शुरू की जाएगी।
*भाजपा पर साधा निशाना*
भाजपा नेताओं पर चुटकी लेते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा _“जो स्वयं कोई उपलब्धि नहीं गिना सकते, उन्हें दूसरों के किए विकास कार्य भी नहीं सुहाते। जनता विकास पर राजनीति करने वालों को जानती है। मेरा एकमात्र लक्ष्य स्वर्णिम और विकसित हरोली का निर्माण है।”_