मोहाली | करंट न्यूज़: चिट्टा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने गईं पुलिस टीम तस्करों के ही जाल में फंस गई। जिसके चलते दो पुलिस कर्मी घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब 4 बजे मोहाली में ड्रग तस्करों ने पुलिस पर हमला कर दहशत फैला दी। चिट्टे की बड़ी खेप पकड़ने गई पुलिस टीम पर तस्करों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में 2 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
क्या हुआ पूरा मामला
पुलिस को पक्की सूचना मिली थी कि सनेटा गांव के पास चिट्टे की बड़ी खेप पहुंचाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई।

जैसे ही पुलिस ने दबिश दी, तस्करों ने खुद को घिरा देख अपने साथियों को तुरंत मौके पर बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और तलवारों से हमला कर दिया।
2 जवान घायल, हालत स्थिर
इस हमले में कांस्टेबल परमजीत सिंह को गोली लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कांस्टेबल जगजीत सिंह तलवार के वार से जख्मी हो गए।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल दोनों जवानों को तुरंत मोहाली के फेज-6 सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत अब स्थिर है और इलाज जारी है।

पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को कॉर्डन ऑफ कर दिया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ NDPS एक्ट के साथ-साथ पुलिस पर हमले की धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।
मोहाली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को आरोपियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।