Spread the love

पालमपुर, करंट न्यूज़:  हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में शनिवार को न्यूगल खड्ड में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ने से पंजाब के 7 पर्यटक बीच में फंस गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। 

*खड्ड में मस्ती कर रहे थे, तभी आया तेज बहाव

जानकारी के अनुसार जालंधर, पंजाब से आए 7 पर्यटक पिछले 2 दिनों से न्यूगल खड्ड के पास नित्य कैफे में ठहरे हुए थे। शनिवार दोपहर ये सभी खड्ड में फोटो खिंचवाने और मस्ती करने गए थे। इसी दौरान हाइडल प्रोजेक्ट से पानी छोड़े जाने के कारण खड्ड का जलस्तर अचानक बढ़ गया और वहां बनी अस्थाई पुलिया तेज बहाव में बह गई। 

फंसे हुए लोगों में 2 पुरुष, 3 महिलाएं और 2 छोटे बच्चे शामिल थे। बताया जा रहा है कि पानी छोड़ने से पहले सायरन भी बजाया गया था, लेकिन पर्यटक उसे समझ नहीं पाए और खड्ड के बीचों-बीच फंस गए।

*SDM ने खुद पहुंचकर संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पालमपुर के एसडीएम डॉ. ओपी यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित कर रेस्क्यू के निर्देश दिए और खुद अभियान की निगरानी की। 

फायर ब्रिगेड प्रभारी सुरिंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जान जोखिम में डालकर खड्ड पर एक अस्थाई पुल तैयार किया। इसी पुल के सहारे टीम ने एक-एक कर सभी 7 पर्यटकों को सकुशल बाहर निकाला। पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन करीब 1 घंटे तक चला।

*लोगों ने की फायर ब्रिगेड की सराहना

समय पर की गई इस कार्रवाई से सभी की जान बच गई। फायर ब्रिगेड के जवानों की बहादुरी और तत्परता की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की। लोगों ने कहा कि जवानों ने अपनी जान पर खेलकर पर्यटकों की जान बचाई। 

प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि मानसून में खड्डों और नदियों के किनारे न जाएं। हाइडल प्रोजेक्ट का सायरन सुनते ही तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!