Spread the love

केलंग, करंट न्यूज़: लाहुल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने बीते दिन मयाड़ घाटी का दौरा कर विभिन्न नालों में निर्माणाधीन पुलों और पुलिया के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता न करने और कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। 

*धोनधल में एक सप्ताह में बनेगा वैकल्पिक पुल* 

विधायक ने धोनधल नाले का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यहां वैकल्पिक पुल का निर्माण एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही स्थाई पुल का कार्य भी इसी वर्ष शुरू कर दिया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि फिलहाल वाहनों की आवाजाही जारी है। पानी का स्तर बढ़ने की स्थिति से निपटने के लिए विभाग की मशीनें लगातार मौके पर तैनात हैं। पैदल यात्रियों के लिए अस्थाई वैकल्पिक रास्ता भी उपलब्ध करवाया गया है।

*चंगुट और उड़गोस नाले में पुल का काम अंतिम चरण में* 

अनुराधा राणा ने बताया कि चंगुट और उड़गोस नाले में पुल का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। उड़गोस नाले में स्थाई पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। 

*करपट गांव में बाढ़ नियंत्रण कार्य का निरीक्षण* 

इस दौरान विधायक ने करपट गांव में चल रहे बाढ़ नियंत्रण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह कार्य पूर्ण रूप से प्रगति में है। करपट गांव के पुल और सड़क को बचाने के लिए विभाग को शीघ्र कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। 

*भींगी और तमलू नाले में कल्वर्ट कार्य जल्द होंगे पूरे* 

विधायक ने भींगी नाला और तमलू नाले में निर्माणाधीन कल्वर्ट का भी निरीक्षण किया और इन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। 

*“गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं”*

निरीक्षण के दौरान अनुराधा राणा ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अवहेलना करने पर विभाग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

उन्होंने कहा “आमजन की सुविधा हमारी प्राथमिकता है। हम हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।”

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!