शिमला, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का दो दिवसीय संगठनात्मक महामंथन शनिवार को राजधानी शिमला स्थित राजीव भवन में शुरू हुआ। जनरल हाउस की इस बैठक में हाल ही में हुए पंचायत चुनावों के नतीजों की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की जमीन तैयार करने पर मंथन हुआ।
बैठक से पहले पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने स्पष्ट किया कि पार्टी का फोकस अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाना है।
मंत्रिमंडल विस्तार पर हाईकमान लेगा फैसला
रजनी पाटिल ने कहा कि हिमाचल मंत्रिमंडल में एक पद खाली है और उसमें फेरबदल की भी संभावना है। इस पर अंतिम निर्णय लेने के लिए कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल धर्मशाला आएंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार होना तय है, लेकिन इसकी तारीख हाईकमान तय करेगा। यदि मौसम साफ रहा तो 16-17 जुलाई को धर्मशाला में होने वाली राजनीतिक मामले समिति की बैठक में इस पर चर्चा संभव है।
किन्नौर विवाद सुलझाने की पहल, राम मंदिर चंदा पर हमलावर
किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चल रहे विवाद पर रजनी पाटिल ने कहा कि मंत्री जगत सिंह नेगी और निगम भंडारी को आमने-सामने बिठाकर मतभेद दूर किए जाएंगे। दोनों को संगठन हित में काम करने के लिए समझाया जाएगा।
राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर कांग्रेस भाजपा पर आक्रामक दिखी। पाटिल ने कहा “भाजपा ने कहा था हमने राम को लाया है। अगर भाजपा ने श्रीराम को लाया है तो राम का चंदा कहां गया?” उन्होंने कहा कि आम लोगों ने श्रद्धा से चंदा दिया था, लेकिन उसके दुरुपयोग की जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने भी कहा कि भगवान के नाम पर चंदा चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मुद्दे पर बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति भी तय की जाएगी।
पंचायत चुनाव के फीडबैक से बनेगी विधानसभा की रणनीति
बैठक में पंचायत चुनावों के दौरान मिले जमीनी फीडबैक के आधार पर संगठन की मजबूती और कमजोरियों पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने पर जोर दिया।
रविवार को महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, अनुसूचित जाति विभाग और अल्पसंख्यक विभाग के प्रमुखों के साथ अलग-अलग बैठकें होंगी। इसके बाद धर्मशाला में केसी वेणुगोपाल राजनीतिक मामले समिति की बैठक लेंगे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, मंत्रिमंडल के सदस्य और विधायक भी मौजूद रहे।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव विनोद जिंटा ने कहा कि यह दो दिवसीय मंथन पार्टी को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए नई दिशा और ऊर्जा देगा।