Spread the love

केलंग, करंट न्यूज़ : लाहुल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने आज हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग की बहुप्रतीक्षित 26 करोड़ 75 लाख की केलांग मल निकासी (सीवरेज) योजना का विधिवत भूमि पूजन किया।अधिशासी अभियंता अजय गुप्ता ने विधायक अनुराधा राणा का पारंपरिक रीति से स्वागत किया और परियोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

अपने संबोधन में विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि आज का दिन लाहौल-स्पीति, विशेषकर केलांग क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि वर्षों से लंबित केलांग सीवरेज योजना का कार्य आखिरकार शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से केलांग तथा बिलिंग क्षेत्र के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्र में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि केलांग सीवरेज योजना के साथ-साथ काजा सीवरेज योजना तथा काजा स्टेडियम परियोजना के कार्य भी शीघ्र आरंभ किए जाएंगे। विधायक ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए जल शक्ति विभाग की पूरी टीम को बधाई दी तथा राज्य एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह योजना साकार हो रही है।

विधायक ने कहा कि शाकस नाला की सफाई का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है तथा अब प्रशासन और संबंधित विभागों का ध्यान उटी नाला एवं बिलिंग नाला के सुधार और सफाई कार्यों पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में केलांग नगर को स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और क्षेत्र से जुड़े सभी लंबित मुद्दों के समाधान के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि केलांग में पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान हेतु कार्य किया जा रहा है और बहुत जल्द इसका समाधान सामने आएगा। साथ ही बच्चों की खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पुलिस ग्राउंड को खेल मैदान के रूप में विकसित एवं उपयोग में लाया जाएगा।

अनुराधा राणा ने परियोजना का निर्माण कार्य कर रही साई एटरनल कंपनी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कंपनी निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ परियोजना को पूरा करे। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी आह्वान किया कि वे परियोजना कार्यों की निगरानी करें तथा यदि कहीं गुणवत्ता या निर्माण संबंधी कोई कमी दिखाई दे तो उसकी जानकारी तुरंत उनके संज्ञान में लाएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में भी निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग, सुझाव एवं फीडबैक विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी को मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करना चाहिए।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केलांग सीवरेज योजना के पूर्ण होने से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी तथा स्थानीय निवासियों और आने वाले पर्यटकों को बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम में एसडीएम कुनिका एकर्स, कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दोरजे लाहर्जे, बीडीओ डॉ विवेक गुलेरिया, जिला परिषद सदस्य शशि किरण, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्याल्सन ठाकुर, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र, पूर्व बीडीसी केसंग, पूर्व आदिवासी अध्यक्ष राहुल, नोरबू थोलगपा, राजेंद्र उपासक, एसडीओ जल शक्ति विभाग संजय बोध, स्थानीय महिला मंडल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!