Spread the love

कुल्लू, करंट न्यूज : भारी बारिश से हुई तबाही के बाद कई समस्याओं से जूझ रही जनता को राम भरोसे छोड़ कर हिमाचल के मुख्यमंत्री बिहार में अपनी झूठ की दुकान खोले बैठे ह, जबकि प्रदेश में बदहाली का वातावरण बना हुआ है।

जिला कुल्लू भाजपा अध्यक्ष अमित सूद ने मीडिया को जारी बयान में प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को एक के बाद एक झूठे वायदों से ठगने के बाद सुक्खू बिहार की जनता को ठगने का सपना लेकर बिहार पहुंचे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने चुनाव पूर्व हिमाचल की 22 लाख महिलाओं से वादा किया था कि उन्हें हर महीनें 1500 रुपए दिए जाएंगे और 5 लाख सरकारी पक्की नौकरी देने का वादा किया था। परन्तु सता मिलते ही सरकार और इसके मुखिया ने इस वादे से पल्ला झाड़ लिया। प्रदेश की महिलाओं और बेरोजगार युवाओं के साथ बहुत बड़ा छल किया।

कहा कि आज तीन वर्ष बाद भी हिमाचल की जनता कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं द्वारा किए हुए वादों के पूरा होने का इंतजार कर रही है। दूसरी तरफ बिहार में जाकर मुख्यमंत्री सुक्खू वहां की जनता के सामने सफेद झूठ बोलकर जनता को बरगला रहे हैं।

अमित सूद ने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है। जनता से किए हर वादे को पूरा नहीं करवा पाई है। बिहार में मुख्यमंत्री का कहना है कि प्रदेश की हर महिला को 1500 दे रहे है, सरासर झूठ है।

स्थिति तो यह है कि प्रदेश सरकार महिलाओं को तो छोड़िए प्रदेश के कर्मचारियों को समय पर वेतन देने में असमर्थ दिख रही है। कर्मचारियों के डीए की करोड़ों की देनदारियां तो दूर की बात है। आज प्रदेश के कर्मचारी और पेंशनर सड़कों पर हैं और हिमाचल प्रदेश सरकार के खिलाफ लगातार रोष बढ़ता जा रहा है।

भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई और प्रदेश का आधारभूत ढांचे को भारी नुकसान हुआ। केंद्र की मोदी सरकार ने प्रदेश को जो भी संभव था वह मदद की। परन्तु प्रदेश सरकार धरातल पर कुछ भी करने में असफल रही और अभी तक प्रदेश की सड़क व्यवस्था सुधर नहीं पाई है। तो वहीं मुख्यमंत्री बिहार में जाकर वहां की सड़कों पर ज्ञान दे रहे हैं, जो हास्यास्पद है।

अमित सूद ने मुख्यमंत्री सुक्खू को सलाह देते हुए कहा कि वे बिहार में जाकर झूठ बोलना छोड़ आपदा का दंश झेल रहे हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए कार्य करें, अन्यथा परिणाम अच्छे नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के झूठ को न केवल हिमाचल की जनता अपितु पूरा देश जान चुका है और हिमाचल की बदहाली आज कांग्रेस पार्टी की कार्यशैली का सबसे बड़ा उदाहरण पूरे देश में है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!