सुंदरनगर (मंडी), करंट न्यूज़ : सर्व कामगार संगठन (हि.प्र.) का राज्य स्तरीय सम्मेलन आज सुंदरनगर में उत्साह और एकजुटता के साथ सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में प्रदेश भर से 130 प्रतिनिधियों ने भाग लेकर कामगारों की समस्याओं, अधिकारों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
यह जानकारी संगठन की प्रैस सचिव रागेश्वरी कश्यप ने दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन ध्रुव सर्वजन संरक्षण समिति हि.प्र. के राज्य समिति सदस्य ने किया। सम्मेलन में संगठन की रिपोर्ट महासचिव अजित राठौर ने प्रस्तुत की।
रिपोर्ट सहित युद्ध के विरोध व विश्व शांति के पक्ष में, राजनीतिक, सामाजिक व आर्थिक जागृति के लिए और कामगारों की समस्याओं के समाधान हेतु जन आंदोलन चलाने के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
पुराना नाम बदला, ‘सर्व कामगार संगठन हि.प्र.’ के नाम से अब प्रदेश भर में चलेगी मुहिम
रागेश्वरी कश्यप ने बताया कि सम्मेलन में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए संगठन का पुराना नाम ‘हि.प्र. मनरेगा व निर्माण एवं सर्व कामगार संगठन’ बदलकर नया नाम ‘सर्व कामगार संगठन हि.प्र.’ रखने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके साथ ही संगठन का राज्य कार्यालय सुंदरनगर में रखने का भी निर्णय लिया गया।
सम्मेलन में डॉ. राजीव कुमार, अमर सिंह चौधरी, कुलदीप कुमार, रागेश्वरी कश्यप, यशोदा, पिंकी देवी, निशा, ममता, लाल सिंह, अनिल कपिला व कान्ता ने भी अपने विचार रखे और कामगार एकता को मजबूत करने पर बल दिया।
16 सदस्यीय राज्य कमेटी का गठन, यशोदा को अध्यक्ष, अजित राठौर महासचिव व रागेश्वरी कश्यप को प्रैस सचिव की जिम्मेदारी
सम्मेलन में सर्वसम्मति से 16 सदस्यीय राज्य कमेटी का गठन किया गया। इसमें राज्य सलाहकार अमर सिंह राघवा, अध्यक्ष यशोदा, उपाध्यक्ष ललित कुमार, महासचिव अजित राठौर, सहसचिव कान्ता, कोषाध्यक्ष जोगिंदर, प्रैस सचिव रागेश्वरी कश्यप व सदस्य गुड्डी देवी, लाल सिंह, पिंकी देवी, अनिल कपिला, अमर सिंह चौधरी, संजय कुमार, अनिल कुमार, अरूण कुमार और श्याम लाल को चुना गया।
सम्मेलन का समापन करते हुए अमर सिंह राघवा ने कामगारों को संगठन के मूल सिद्धांतों सत्य, ईमानदारी, सेवा, प्रेम और शांति पर चलकर राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मानसिक गुलामी से मुक्त समाज की स्थापना करने का आह्वान किया। उन्होंने कामगारों के हकों की रक्षा के लिए एकजुट होकर जन आंदोलन चलाने का संकल्प दोहराया और सम्मेलन को कामयाब बनाने के लिए सभी प्रतिनिधियों का धन्यवाद किया।