Spread the love

केलंग, करंट न्यूज़ : लाहुल-स्पीति में साहसिक खेलों और साइकिलिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय ग्रे घोस्ट एमटीवी चैलेंज 4.0 साइकिलिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को धूमधाम से हुआ। उपायुक्त किरण भड़ाना ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का आगाज किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने प्रतियोगिता के इस वर्ष के संस्करण की आधिकारिक टी-शर्ट का भी अनावरण किया। प्रतियोगिता के आयोजन से क्षेत्र में साहसिक खेलों को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ लाहौल की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को भी देश-दुनिया में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

*ड्रिलबुरी एपिक ट्रैक पर होगी कड़ी चुनौती, मास्टर्स, एलीट और अंडर-19 वर्ग में होगी जंग*

साइकिलिंग प्रतियोगिता के अध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि वर्ष 2020-21 में शुरू हुई यह प्रतियोगिता अब अपने चौथे संस्करण में पहुंच चुकी है। प्रतियोगिता का आयोजन ड्रिलबुरी एपिक ट्रैक पर बरवोग, कारदंग और लापचंग गांवों के आसपास किया जा रहा है।

इस बेहद चुनौतीपूर्ण पहाड़ी ट्रैक पर प्रतिभागियों को अपनी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति, संतुलन और साइकिलिंग कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में मास्टर्स, एलीट और अंडर-19 आयु वर्गों में लगभग 35 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिनकी संख्या दूसरे दिन और बढ़ने की संभावना है।

इस अवसर पर साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार तथा महासचिव अशोक कुमार ने मुख्य अतिथि उपायुक्त किरण भड़ाना को पारंपरिक लाहौली टोपी पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

*युवाओं में साहस और स्वस्थ जीवनशैली को मिलेगा बढ़ावा : किरण भड़ाना*

उपायुक्त किरण भड़ाना ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी साइकिलिस्टों और आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में साहस, अनुशासन, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने प्रतिभागियों से प्रतियोगिता के दौरान अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने का आग्रह किया। साथ ही आयोजकों को प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।

प्रतियोगिता के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर तैनात रही, ताकि किसी भी प्रतिभागी को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाया जा सके। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में आयोजित इस प्रतियोगिता के दौरान स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को विशेष महत्व दिया गया है।

ग्रे घोस्ट एमटीवी चैलेंज का यह आयोजन लाहौल-स्पीति में साइकिलिंग संस्कृति को प्रोत्साहित करने, स्थानीय युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ने तथा क्षेत्र को एडवेंचर स्पोर्ट्स और पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इस अवसर पर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों सहित आयोजन समिति और साइकिलिंग एसोसिएशन के विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!