काज़ा, करंट न्यूज़ : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के आगामी 13 अक्तूबर को प्रस्तावित स्पीति प्रवास को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे को सफल बनाने के लिए आज अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के सभागार में विभागीय अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता परियोजना अधिकारी, एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना केलांग, अश्वनी कुमार ने की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्यमंत्री के दौरे से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विकास योजनाओं का करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास, विभागों को प्रदर्शनी स्टॉल लगाने के निर्देश
परियोजना अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री स्पीति दौरे के दौरान विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन व भूमि पूजन करेंगे। इसके बाद वह काज़ा के लादारचा मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
जनसभा के उपरांत मुख्यमंत्री रंगरिक में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और उनका रात्रि ठहराव भी रंगरिक में ही होगा।
बैठक में सभी विभागों को विकासात्मक प्रदर्शनियों के स्टॉल लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जा सके।
परियोजना अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत के लिए टीम वर्क की भावना के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर तैयारियों को समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि मुख्यमंत्री का स्पीति प्रवास सफल हो सके।
बैठक में एसडीएम दीक्षित राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।