करंट न्यूज ब्यूरो
केलंग
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में बारिश ने जम कर तबाही मचाई। मंगलवार से हो रही बारिश के कारण जिला के तमाम नदी नाले उफान पर है। वहीं कई स्थानों पर बादल फटने से जानमाल का भी भारी नुकसान हुआ है।
जबकि लाहुल घाटी के तोजिंग नाले में बादल फटने से आई बाढ़ में दस लोग बह गए। इनकी तलाश में हिमाचल पुलिस और आइटीबीपी जवानों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। बुधवार सुबह तोजिंग नाले में दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश मोख्टा ने बताया मजदूरों के दो टेंट और एक जेसीबी मशीन व एक गाड़ी भी बाढ़ की चपेट में आई है। इसके अलावा एक 19 वर्षीय एक युवक घायल हुआ है, जिसे प्रशासन ने अस्पताल पहुंचा दिया है।
19 वर्षीय मोहम्मद अलताफ जम्मू कश्मीर का रहने वाला है। बचाव दल ने 38 वर्षीय सेना के जवान मोहन सिंह पुत्र लाल चंद निवासी उदयपुर को भी रेस्क्यू किया है।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय केलंग से 10 किलोमीटर दूर ठोलंग गांव के समीप तोजिंग नाले में आई बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। बीआरओ 94 आरसीसी के चार लोग, एयरटेल वीटीएल के दो मजदूर, गाड़ी में पांगी किलाड़ की ओर जा रहे सात लोग, जिनमें तीन को बचा लिया है तथा एक को कुल्लू रेफर कर दिया गया है।
मोहन सिंह (38) पुत्र लाल चंद ग्राम छटिंग, उपमंडल उदयपुर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका केलंग में उपचार चल रहा है। मोहन के परिवार के सदस्यों को बचा लिया गया है और जाहलमा भेज दिया गया है। मोबाइल कनेक्टिविटी उदयपुर तक पूरे खंड में बाधित है। हालांकि एयरटेल नेटवर्क अभी उदयपुर में काम कर रहा है।
डपायुक्त लाहुल स्पीति नीरज कुमार ने एनडीआरएफ यूनिट की मांग की है। वे भी घटना स्थल की ओर रवाना हो गए हैं। एसपी मानव वर्मा ने बताया कि डीएसपी के नेतृत्व में बचाव दल डीडीएमए, आईटीबीपी और बीआरओ के कर्मियों के साथ मौके पर डटे हुए हैं।
जाहलमा में पुल बह गया
जाहलमा नाले में भारी बाढ़ आने से पुल बह गया है। उदयपुर का केलंग से संपर्क कट गया है। जाहलमा नाले में बाढ़ से जाहलमा, गोहरमा, फुडा, कोठी व रपडिंग गांवों में दहशत फैल गई है।
बादल फटने से केलंग के साकस नाले सहित, बिलिंग, लौट, शांशा, जाहलमा, कमरिंग व थिरोट नाले में बाढ़ आ गई। जाहलमा व साकस नाले में पानी अधिक आने से बीआरओ सहित किसानों बागवानों को भारी नुकसान हुआ है।
नाले में बाढ़ से मनाली-लेह मार्ग अवरुद्ध हो गया। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए केलंग व जिस्पा में पर्यटकों को रोक दिया।
काजा जा रहे वाहन छतड़ू में फंसे
वहीं, काजा मार्ग पर छोटा दड़ा नाले में बाढ़ से काजा से आ रहे वाहन बातल व मनाली-ग्राम्फू से काजा जा रहे वाहन छतड़ू में फंस गए हैं। बीआरओ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि नालों में आई बाढ़ से बीआरओ को भारी नुकसान हुआ है। लेह मार्ग जल्द बहाल हो जाएगा, जबकि उदयपुर व काजा मार्ग बहाली में समय लग सकता है।
एसपी लाहुल स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर ठहरा दिया है। पटन घाटी में जाहलमा पुल बह गया है जिससे केलंग उदयपुर के बीच वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध हो गई है। परिस्थितियों पर नजर रखी जा रही है।