Spread the love

मनाली (कुल्लू), करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों मौसमी हालातों के कारण कुछ स्थानीय स्तर पर जलभराव और नदी के जलस्तर में वृद्धि की हुई हैं। हालांकि इस दौरान नालों और छोटी नदियों के किनारे गलत तरीके से पार्क किये कुछ वाहनों को मामूली नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही उन क्षेत्रों में समस्या उत्पन्न हुई है, जहां अतिक्रमण के कारण प्राकृतिक जलधाराओं का मार्ग अवरुद्ध हुआ है, परंतु स्थिति पूरी तरह से सामान्य है।

इस मसले पर बातचीत करते हुए मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इन दिक्कतों का समाधान करने और स्थानीय निवासियों के साथ ही पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से बेहतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस बीच यह जानकारी मिली है कि कुछ मीडिया संस्थान, विशेषकर दिल्ली से, पुराने वीडियो को प्रसारित कर रहे हैं। इसके साथ ही वह कुल्लू की उत्तराखंड में हुए भारी भूस्खलन के साथ गलत तुलना कर रहे हैं, जो कि मानवीय हस्तक्षेप के कारण हुआ था। कहा कि ऐसी रिपोर्ट्स न केवल गलत हैं, बल्कि कुल्लू और हिमाचल प्रदेश के पर्यटन उद्योग की प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचा रही हैं।

इसके अलावा, कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और अतिउत्साही व्यक्ति अनावश्यक रूप से कुल्लू-मनाली की स्थिति को गलत बात कर पर्यटकों में भय फैला रहे हैं। इतनी ही नहीं बल्कि वह स्थिति को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करके बड़े पैमाने पर विनाश की आशंका पैदा कर रहे हैं।

विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने साफ तौर पर कहा कि कुल्लू जिला और मनाली के सभी पर्यटन स्थल सुरक्षित हैं और बुनियादी सुविधाओं से पर्याप्त रूप से लैस हैं।कहा कि सभी विभाग, लोक निर्माण, जल शक्ति, पुलिस, राजस्व व पर्यटन आदि विभाग शामिल हैं, जो पर्यटकों और अतिथियों के लिए सुगम सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

जबकि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अनावश्यक अफवाहें पूरी तरह सफेद झूठ से ज्यादा कुछ नहीं है। जो पर्यटकों को डरा रही है और उन्हें असमय गलत निर्णय लेने के लिए मजबूर कर रही हैं। जिसके कारण उन्हें स्वयं असुविधा हो रही है।

भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि कुल्लू जिला और मनाली में स्थिति सामान्य है और चिंता व दिक्कत का कोई कारण नहीं है। अफवाहें फैलाने वाले लोग अनजाने में पर्यटन, एडवेंचर स्पोर्ट्स, टूर एवं ट्रैवल सेवाओं, गाइड्स और संबंधित गतिविधियों से जुड़े हजारों लोगों की आजीविका को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कहा कि पर्यटन हमारी स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, और ऐसी अफवाहें पर्यटन उद्योग को भारी नुकसान पहुंचा रही हैं।

ऐसे में सभी से विशेष आग्रह हैं कि अफवाहें न फैलाएं और सामान्य स्थिति को बढ़ा-चढ़ाकर पेश न करें, जो कि पूरी तरह से अस्वीकार्य है।

गौड़ ने खास कर मीडिया से जुड़े लोगों से आग्रह किया है कि आइए हम सभी मिलकर जिम्मेदार रिपोर्टिंग को बढ़ावा दें और पर्यटन उद्योग का समर्थन करें। हिमाचल प्रदेश और विशेष रूप से कुल्लू और मनाली, प्रकृति प्रेमियों और एडवेंचर उत्साही लोगों के लिए स्वर्ग बना हुआ है यहां पर पर्यटकों का खुले दिल से स्वागत हैं।

सटीक जानकारी के लिए, सभी से अनुरोध हैं कि वे आधिकारिक स्रोतों और सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!