झाकडी (शिमला), करंट न्यूज़ : नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन ने अपने डिजाइन उर्जा उत्पादन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
इस पावर स्टेशन ने 1 दिसम्बर 2024 को रात्रि 8 बजकर 10 मिनट पर डिजाइन एनर्जी (6612 मिलियन यूनिट) विद्युत उत्पादन का दूसरा सबसे तीव्र (fastest) एवं अद्भुत कीर्तिमान स्थापित किया।

जो 6 दिसम्बर 2019 को अपने बनाए पिछले दूसरे सबसे तीव्र डिजाइन एनर्जी (दूसरा सबसे अधिक वार्षिक उत्पादन) को पार कर गया।
जबकि इससे पूर्व सबसे तीव्र डिजाइन ऊर्जा उत्पादन 19.11.2011 को प्राप्त किया गया था, जो अब तक के सबसे अधिक वार्षिक उत्पादन के दौरान हासिल किया गया था।

यह अविश्वसनीय डिजाइन एनर्जी (बिजली उत्पादन) का कीर्तिमान आठ महीनों में हासिल किया गया। जबकि चार महीने वित्त वर्ष 2024-25 के अभी बचें हैं।

इस मामले में प्रशंसनीय यह रहा कि सतलुज नदी में अधिक गाद होने के बावजूद प्लांट एक दिन के लिए भी बंद नहीं हुआ।
इस स्टेशन ने 116 दिन 110% संयंत्र ओवरलोडिंग के साथ 1650 क्षमता से यह अचंभित एवं अद्वितीय कीर्तिमान स्थापित किया है, जो ऊर्जा उत्पादन क्षेत्र में एक मील का पत्थर है।
यह उपलब्धि पावर स्टेशन के तकनीकी स्तर और कार्यप्रणाली के निरंतर विकास के साथ-साथ पावर स्टेशन की डिजाइन क्षमता को भी दर्शाता है।
इससे यह भी संकेत मिलता है कि नाथपा झाकड़ी पावर स्टेशन अपने तकनीकी मानकों में निरंतर सुधार कर रहा है और आने वाले समय में और अधिक ऊर्जा उत्पादन की क्षमता प्राप्त करने की ओर अग्रसर है।

इस मौके पर कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख मनोज कुमार ने दोहराया कि यह उल्लेखनीय उपलब्धि एनजेएचपीएस के प्रत्येक विभाग, विशेषकर ओएंडएम, पावर हाउस एवं नाथपा टीम के अभूतपूर्व योगदान के बिना संभव नहीं थी।
उन्होंने इस शीर्ष रिकॉर्ड भागीदारी के लिए अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक, समस्त प्रबन्धन वर्ग, टीम नाथपा झाकड़ी हाइडो पावर स्टेशन का आभार प्रकट किया।

इसके साथ ही भारत सरकार विद्युत मंत्रालय, सीईए, हिमाचल प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार, स्थानीय प्रशासन शिमला व किन्नौर, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुडे समस्त वर्गों एवं स्थानीय देवता चम्भू महाराज जी का भी आभार प्रकट किया।