शिमला, करंट न्यूज़ : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ‘सरकार गांव के द्वार’ सिर्फ सुनवाई का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मौके पर किए गए वादों को धरातल पर उतारने का मिशन है।
मुख्यमंत्री ने अपने भटवाड़ी और काशापाट प्रवास के दौरान बच्चों और स्थानीय लोगों से किए गए वायदों को पूरा करते हुए 15.75 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है।
*बच्चों की मांग पर स्कूलों के लिए 4 करोड़*
रामपुर स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद के दौरान एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रचौली के नए भवन के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये की मांग की थी।
मुख्यमंत्री ने बच्चों की इस मांग को प्राथमिकता देते हुए तत्काल घोषणा की थी, जिसे अब योजना विभाग ने स्वीकृति दे दी है। इसी प्रकार काशापाट स्कूल के नए भवन के निर्माण के लिए भी दो करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
*रोहड़ू को पुल और भवन की सौगात*
रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के तांगणू-जांगलिक पंचायत क्षेत्र में स्थानीय लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री ने सुंदरु खड्ड पर पुल निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी, जिसके लिए धनराशि अब जारी कर दी गई है।

इसके अलावा बरशील पुल के लिए एक करोड़ रुपये, शिशारा में फुट ब्रिज के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा रोहड़ू में अंबेडकर भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि भी जारी कर दी गई है। योजना विभाग द्वारा स्वीकृति पत्र लोक निर्माण विभाग को भेज दिया गया है।
*रामपुर में सड़कों पर लगेंगे क्रैश बैरियर*
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के काशापाट में स्थानीय लोगों की मांग को पूरा करते हुए धनदोल से काशापाट तक क्रैश बैरियर लगाने के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। वहीं, जबल से खाबल सड़क के सुधार तथा क्रैश बैरियर लगाने के लिए भी दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान की गई कुल नौ घोषणाओं के लिए धनराशि जारी होने से क्षेत्र में सड़क, पुल, फुट ब्रिज, क्रैश बैरियर तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।