Spread the love

मनाली, करंट न्यूज़ : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का तीन दिवसीय हिमाचल दौरा प्रदेशवासियों के दिलों में अमिट छाप छोड़कर संपन्न हो गया। दौरे के समापन पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने मनाली स्थित डीआरडीई हेलीपैड पर राष्ट्रपति को गरिमापूर्ण विदाई दी।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति का यह दौरा उनके और प्रदेश की जनता के बीच आत्मीय एवं स्नेहपूर्ण संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने वाला रहा।

राष्ट्रपति की हिमाचल में उपस्थिति प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय रही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति, आत्मीयता तथा लोगों के साथ उनके संवाद ने इस यात्रा को विशेष बनाया और इसकी स्मृतियां लंबे समय तक लोगों के मन में बनी रहेंगी।

*एम्स बिलासपुर का संदेश रहेगा प्रेरणा स्रोत*

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में भाग लेने के साथ-साथ अटल टनल, कुल्लू जिला के मनाली स्थित ऐतिहासिक हिडिंबा माता मंदिर, मॉल रोड तथा लाहौल-स्पीति जिला के सिस्सू का भ्रमण भी शामिल रहा।

एम्स बिलासपुर के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्वारा दिए गए संबोधन का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि मानवता की सेवा तथा दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने पर उनका विशेष बल अत्यंत प्रेरणादायी है।

यह संदेश हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य के संदर्भ में विशेष रूप से प्रासंगिक है और युवा चिकित्सकों को अपने ज्ञान एवं कौशल को प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों की सेवा के लिए समर्पित करने के लिए प्रेरित करेगा।

*कनेक्टिविटी से संस्कृति तक, दौरा रहा बहुआयामी*

राज्यपाल ने कहा कि अटल टनल का दौरा हिमाचल प्रदेश में बढ़ती कनेक्टिविटी और राज्य के सामरिक महत्व को रेखांकित करता है, जबकि हिडिंबा माता मंदिर की यात्रा प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का यह दौरा देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद और हिमाचल की जनता के बीच गहरे एवं आत्मीय संबंधों की अभिव्यक्ति भी रहा। राज्यपाल ने राष्ट्रपति द्वारा हिमाचल प्रदेश में बिताए गए बहुमूल्य समय के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!