शिमला : दीवाली भी निकल गई और भाईदूज का त्योहार भी आ गया। लेकिन सरकार की घोषणा के बावजूद अभी तक एचआरटीसी के पेंशनरों को पेंशन नहीं मिल पाई है।

जबकि सरकार ने घोषणा की थी कि इस दीवाली पर कर्मचारियों व पेंशनरों को 28 अक्तूबर को वेतन व पेंशन दी जाएगी। लेकिन अभी तक एचआरटीसी पेंशनरों को अभी तक पेंशन जारी हुई है। जिससे एचआरटीसी के 7,500 पैंशनरों में भारी रोष है।
पेंशनरों ने संयुक्त बयान में कहा कि एक ओर एचआरटीसी प्रबंधन दावा कर रहा है कि एचआरटीसी को दीवाली के दौरान करोड़ों की कमाई हुई है। अगर ऐसा है तो निगम द्वारा पेंशनरों को पेंशन के लिए क्यों मोहताज किया जा रहा है।

पथ परिवहन पेंशनर्ज कल्याण संगठन हिमाचल प्रदेश के राज्य प्रधान राजेंद्र ठाकुर, प्रदेशाध्यक्ष केसी चौहान व प्रदेश महासचिव सुरेंद्र गौतम ने कहा कि दीवाली खत्म हो गई और भाईदूज का त्यौहार भी आ गया है। लेकिन अभी तक पेंशन खातों में नहीं डाली गई है।

कहा कि समाचार पत्रों से जानकारी मिली कि एचआरटीसी को दीवाली के मौके पर करोड़ों की कमाई हुई है। यह अच्छी बात है, लेकिन उम्र के इस पड़ाव में पैंशनरों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अब पेंशनर्ज पेंशन को लेकर अधिक इंतजार नहीं करेंगे और आंदोलन की रणनीति तैयार करेंगे। उन्हें उम्र के इस पड़ाव में प्रबंधन सड़कों पर उतरने को मजबूर कर रहा है।