Spread the love

शिमला, 5 सितंबर, करंट न्यूज: हिमाचल प्रदेश की राजधानी में पिछले कुछ दिनों से स्कूल व कॉलेज छात्राओं के साथ उनके ही शिक्षकों द्वारा छेड़छाड़ के मामलों में लगातार बढ़ोतरी होती जा रही है। लेकिन अब एक छात्रा के साथ एचआरटीसी की बस में एचआरटीसी कर्मियों द्वारा छेड़छाड़ का नया मामला सामने आया है।

इस संबंध में छात्रा द्वारा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बुधवार की शाम अपने निजी शिक्षण संस्थान से सुन्नी के लिए शिमला से करसोग जाने वाली एचआरटीसी बस में सफर कर रही थी। बताया कि दोनों आरोपित बड़मन धार के पास बस में चढ़े।

पीड़िता के मुताबिक वह बस की आखिरी सीट पर बैठी थी, जहां कंडक्टर बैठता है। बताया कि जब बस कुछ आगे पहुंची तो आरोपी चमन प्रकाश आगे की सीट से उठ कर उसके बगल में बैठ गया और उसका फोन नंबर व इंस्टा आईडी मांगने लगा।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब उसने यह देने से इंकार किया तो आरोपित उससे छेडख़ानी करने लगा। इसके बाद दूसरा आरोपित खेम राज भी आगे की सीट से उठकर उसके बगल में बैठ गया।

खेम राज ने भी उसके साथ छेड़खानी व अश्लील हरकतें की। उनकी हरकतों से पीड़िता जोर से चिल्लाई और बस से उतरने के बाद सुन्नी पुलिस स्टेशन में दोनों आरोपितों की शिकायत करते हुए मामला दर्ज करवाया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपित खेम राज एचआरटीसी में चालक है और वह उस बस में यात्री बनकर सफर कर रहा था। जबकि दूसरा आरोपी चमन प्रकाश एचआरटीसी में मैकेनिक के पद पर कार्यरत है। खेम राज मंडी जिला के करसोग और चमन प्रकाश शिमला के सुन्नी का निवासी है। दोनों आरोपित शादीशुदा हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज करके दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अब दोनों पर निलंबन की कार्रवाई होना भी तय माना जा रहा है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!