करंट न्यूज ब्यूरो
भुंतर (कुल्लूू)
नगर पंचायत भुंतर ने सोमवार को सराहनीय फैसला लेते हुये रेहड़ी-फड़ी वालों को कोरोना काल मेें राहत देने का निर्णय लिया है। जिसके तहत अब नगर पंचायत भुंतर के क्षेत्र में लगने वाली रेहड़ी-फड़ी वालों से रोजाना किराये के तौर पर लिये जाने वाले 50 रूपये नहीं लिये जायेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुये नगर पंचायत की अध्यक्ष मीना ठाकुर ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू जारी रहने तक रोजाना रेहड़ी लगाकर रोजी रोटी कमाने वालों की पर्ची नहीं काटी जायेगी।
उन्होंने कहा कि चूंकि कोरोना कर्फ्यू के दौरान कुछ दुकानें सुबह दस से दोपहर एक बजे तक ही खोली जा रही हैं। लेकिन लोगों की आवाजाही कम होने के कारण दुकानदारों व रेहड़ी वालों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
लेकिन इसके बावजूद भी रेहड़ी वालों को किराये के तौर पर रोजाना 50 रुपये देने पड़ रहे थे। ऐसे में नगर पंचायत ने रेहड़ी वालों की समस्या को देखते हुए इनसे पर्ची नहीं काटने का निर्णय लिया। जिसका फायदा भुंतर में रेहड़ी चलाने वाले 80 रेहड़ी धारकों को मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि भुंतर में बाजार व सड़कों के आसपास रेहड़ी पर फल, सब्जियां आदि काफी मात्रा में बिकती हैं। लेकिन कोरोना के चलते इन्हें नुकसान झेलना पड़ रहा है। कामकाज ठप होने से लोग पैसा चुकाने में असमर्थ हैं। नगर पंचायत भुंतर के इस फैसले से इन लोगों को कुछ राहत अवश्य मिलेगी।