Spread the love

करंट न्यूज ब्यूरो
मंडी

वीरवार को नगर निगम मंडी की पहली बैठक में निगम क्षेत्र के चहुंमुखी विकास का मास्टर प्लान तैयार किया गया है। जिसके लिये टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। नगर निगम की पहली बैठक की अध्यक्षता महापौर दीपाली जसवाल ने की। जबकि बैठक का संचालन नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार द्वारा किया गया।

शौचालयों की दशा में होगा सुधार

बैठक में फैसला लिया गया कि शहर के शौचालयों की दशा में सुधार लाया जाएगा और उनके रख रखाव के लिए आउटर्साेस स्टाफ नियुक्त किया जाएगा। वहीं जिन शौचालयों की मरम्मत के टेंडर हो चुके हैं, उनके कार्यों को जल्द किया जाएगा।

लोगों को दिया जाएगा सस्ता राशन

नगर निगम के उपमहापौर ने बताया कि बैठक में नगर निगम के सभी वार्डों का समुचित विकास करवाना सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को शामिल करने का फैसला लिया गया है और 4963 लोगों को सस्ता राशन की सुविधा प्रदान की जाएगी।

नगर निगम के उपमहापौर ने बताया कि पूरे नगर निगम क्षेत्र के सभी 15 वार्डों की सफाई व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त किया जाएगा। सभी वार्डों में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। ताकि सफाई व्यवस्था बेहतर रहे और लोगों को कोई परेशानी न हो। बताया कि इसके लिए प्रत्येक वार्ड में सफाई मॉनिटरिंग रजिस्टर बनाया जाएगा।

स्ट्रीट लाइटों की जायेगी मुरम्मत

बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में मौजूदा पार्कों की दशा को सुधारा जाएगा और उनका सौंदर्यीकरण किया जाएगा। शहर की स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। बताया कि प्रत्येक वार्ड में 15 नए स्ट्रीट प्वाइंट लगाए जाएंगे।

नगर निगम क्षेत्र में नए शामिल किए गए क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट सुविधा दिए जाने के लिए विद्युत बोर्ड से प्राकलन प्राप्त हो गए हैं। जल्द ही इस बारे में उचित कदम उठाए जाएंगे, ताकि नगर निगम क्षेत्र में शामिल नए क्षेत्रों को स्ट्रीट लाइट सुविधा प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!