करंट न्यूज ब्यूरो
धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश इंटक के पूर्व राज्य अध्यक्ष व जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी के जिला प्रवक्ता जगरूप सिंह ने आरोप लगाया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की दुर्गति के लिए सरकार जिम्मेदार है।
उन्होंने सरकार से सवाल किया है कि करोड़ों रुपये के घाटे में चल रहे परिवहन निगम में प्रबंध निदेशक व मुख्य महाप्रबंधक के होने के बावजूद कार्यकारी निदेशक को बनाने की क्या आवश्यकता है? जबकि कार्यकारी निदेशक की तैनाती से निगम कर्मचारियों को लाखों रुपये के वेतनमान का ही चुना लग रहा है।
जगरूप सिंह ने कहा कि हाल ही में 28 अप्रैल को निगम कर्मचारियों को मार्च महीने का वेतन मिला है। जबकि इन दोनों अधिकारियों के सैर सपाटे के लिए घाटे में चल रहे निगम से करीब चालीस लाख रुपयों की दो गाड़ियां खरीद ली गई।
जोकि निगम के घाटे को और ज्यादा बढ़ा रहे हैं। कहा कि इसी तरह कोरोना काल में परिवहन मंत्री के होते हुए उपाध्यक्ष एचआरटी बनाने की क्या आवश्यकता है। इससे भी निगम को लाखों रुपये का चूना लग रहा है।
कर्मचारी व पेंशनरों के वेतन को काटने का जताया विरोध
जगरूप सिंह ने कहा कि किन नियमों के तहत कर्मचारियों व सेवानिवृत्त कर्मचारियों का वेतन काटा जा रहा है। कहा कि प्रदेश सरकार का दिवालिया निकल चुका है।
कोरोना काल के दौरान विकट परिस्थितियों में कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों से बिना सलाह मशवरा किए एक या दो दिनों का वेतन काटना नियमों के खिलाफ है। कहा कि कांग्रेस पार्टी इसका भरपूर विरोध करती है।