कुल्लू, करंट न्यूज़ : बारिश के मौसम में नुकसान का सबब बन रहे नदी नालों पर हुए अवैध कब्जों को जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए हटाया जाएगा। ताकि आने वाले समय में अवैध कब्जाधारियों के कारण नदी नालों में आने वाले पानी की वजह से लोगों का नुकसान न हो। इस संबंध में जिला प्रशासन ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं।
गौरतलब है कि कुल्लू जिला के प्रवेश द्वार भुंतर के खोखन नाला में बड़े पैमाने पर लोगों द्वारा अवैध कब्जे किए गए हैं। इतना ही नहीं बल्कि कई लोगों ने नाले के ऊपर स्लैब डालकर वाहन खड़े करने के लिए पार्किंग तक बना ली है। नाले पर व आसपास अवैध कब्जे होने के कारण नाले का आकार लगभग तीन-चार फीट ही रह गया है।
जबकि राजस्व विभाग के मुताबिक नाले का आकार लगभग 20 फीट के आसपास है। लेकिन लोगों द्वारा अवैध कब्जे करके नाले का आकार बेहद छोटा कर दिया है। जिसकी वजह से बरसात में व भारी बारिश के दौरान नाले में आने वाला पानी सड़क में बहता है और भुंतर बाजार में जमकर तबाही मचाता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिन हुई भारी बारिश के चलते खोखन नाला उफान पर था। लेकिन नाले का आकार सिकुड़ जाने की वजह से पानी सड़क में बहता हुआ बाजार में घुस गया। जिसकी वजह से नाले का पानी व मलबा लोगों के घरों व दुकानों में घुस गया।
जिसके कारण दुकानदारों और लोगों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। हालांकि इस पूर्व भी कई बार खोखन नाला अपना रूद्र रूप धारण कर चुका है। लेकिन इसके बावजूद भी लोगों ने नाले के ऊपर अवैध कब्जा करने बंद नहीं किए।
जबकि कुछ साल पूर्व राजस्व व वन विभाग द्वारा की गई डिमार्केशन के दौरान नाले के ऊपर वह आसपास की भूमि पर बड़े स्तर पर अवैध कब्जे पाए गए हैं। हालांकि उसे समय अवैध कब्जों को हटाने की कवायद भी चली थी। लेकिन धीरे-धीरे वह भी ठंडे बस्ते में चली गई। अवैध कब्जाधारियों के कब्जे लगातार बढ़ते गए।
नाले के ऊपर जहां लोगों ने पार्किंग बनाई है, वहीं नाले के ऊपर ही दुकानें में भी बनाई गई है। जिनका सारा कचरा नाले में फेंका जाता है। उसकी वजह से भी नाले में पानी की निकासी पूरी तरह से अवरुद्ध हो जाती है।
इसके अलावा भी जिला के अनेक नदी नालों में लोगों द्वारा अवैध कब्जे करके उनके आकार को बहुत कम कर दिया है। जिसकी वजह से जिला मुख्यालय के साथ लगते शास्त्री नगर और गांधीनगर नाले में भी बारिश के दौरान आए पानी ने भारी नुकसान किया है। लेकिन इसके बावजूद भी लोगों द्वारा नदी नालों के आसपास अवैध कब्जे किए जाने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। जिसका खामियाजा स्थानीय लोगों के साथ-साथ जिला प्रशासन को भी भुगतना पड़ता है।
इस संबंध में कुल्लू के एसडीएम विकास शुक्ला ने साफ तौर पर कहा कि वह खोखन नाले सहित सभी नदी नालों के आसपास हुए अवैध कब्ज को हटाने के लिए त्वरित कार्रवाई करेंगे। ताकि आने वाले समय में बारिश व बरसात के दौरान किसी को भी नुकसान का सामना न करना पड़े।
गौर रहे कि पिछले दिनों उपायुक्त कुल्लू तोरूल एस रवीश ने भी अधिकारियों को नदी नालों वालों के आसपास हुए अवैध कब्जों को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन की यह कवायद कितनी कारगर साबित होती है या फिर पूर्व की भांति हल्की-फुल्की कार्रवाई करने के बाद मामला ठंडे बस्ते में चल जाएगा?