सुजानपुर (हमीरपुर), बिंदिया ठाकुर : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के उपमंडल सुजानपुर चौगान में होने वाले राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए सोमवार को बोली कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छह बोलीदाताओं ने भाग लिया।
मेला अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. रोहित शर्मा की अध्यक्षता में चौगान में बोलीदाताओं ने बोली लगाई। अंतिम बोली अनिल पुरी ने साढ़े सात लाख रुपये की दी। इससे पहले वर्ष 2024 में पार्किंग करीब पंद्रह लाख रुपये में नीलाम हुई थी।
लेकिन इस वर्ष पार्किंग मात्र साढ़े सात लाख रुपये में नीलाम हुई। यह पिछले साल के मुकाबले करीब साढ़े सात लाख रुपये कम है। वहीं वर्ष 2023 में वाहन की पार्किंग की बोली नौ लाख रुपये में संपन्न हुई थी।
जबकि होली मेले में बिजली व्यवस्था के लिए भी बोली हुई। जिसमें राजेश कुमार ने बिजली का जिम्मा लेते हुए छह लाख 38 हजार की अंतिम बोली दी। वहीं, पिछले साल बिजली सुविधा देने की अंतिम बोली करीब अढ़ाई लाख रही थी।
सोमवार को डोम की नीलामी किसी कारणवश नहीं हो पाई है। जल्द ही इसकी तिथि निर्धारित कर दी जाएगी। जबकि छोटे स्टॉल की नीलामी चार से छह मार्च तक होगी। गौर रहे कि इससे पहले झूले की बोली भी पिछले साल के मुकाबले कम हुई थी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मेला अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. रोहित शर्मा ने बताया कि वाहनों की पार्किंग के लिए बोली आयोजित की गई। पार्किंग की अंतिम बोली अनिल पुरी ने साढ़े सात लाख रुपये दी। जो पिछले वर्ष के मुकाबले कम है।
जबकि बिजली सुविधा देने का जिम्मा राजेश कुमार ने लिया है। उन्होंने छह लाख 38 हजार की अंतिम बोली दी। कहा मेले के आयोजन के लिए बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं। ताकि मेले में आने वाले व्यापारियों व लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।